मनोज यादव, कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में चर्च के अंदर जमकर बवाल हुआ है। रजगामार स्थित चर्च में हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोगों के घुसने और महिलाओं के साथ हुज्जतबाजी करने का आरोप लगा है। इसके बाद मारपीट की घटना सामने आई, जिसमें एक युवक की जमकर पिटाई कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित मसीही समुदाय के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया।

चर्च में घुसकर महिलाओं से की हुज्जतबाजी

यह पूरा मामला कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, चर्च में कुछ लोगों के पहुंचने के बाद विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोगों ने चर्च में घुसकर महिलाओं के साथ हुज्जतबाजी की। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान एक युवक की जमकर पिटाई किए जाने की बात सामने आई है।

नाराज लोगों ने किया चक्काजाम

घटना से नाराज मसीही समुदाय के लोग सड़क पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया और जमकर नारेबाजी की। इसके चलते कोरबा-रजगामार रोड पर काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनाक्रम की जानकारी ली और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल लोगों को समझाइश देने के बाद चक्काजाम समाप्त करा दिया गया है।

बता दें कि कुछ दिनों पहले भी रजगामार में धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए विवाद हुआ था। उस दौरान भी पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था और इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H