मनोज यादव, कोरबा। शहर में ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सास, बेटी और दामाद भी शामिल हैं। आरोपियों का संबंध पश्चिम बंगाल से बताया जा रहा है और ये गिरोह कई राज्यों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है।

घटना सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र की है, जहां 24 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 12:15 बजे तीन महिलाएं ग्राहक बनकर एक ज्वेलरी दुकान में पहुंचीं। आभूषण देखने के दौरान उन्होंने दुकानदार का ध्यान भटकाया और मौका पाकर सोने के जेवर लेकर फरार हो गईं। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों की गाड़ी का नंबर मिला, जिससे उनके भागने का सुराग मिला। बताया जा रहा है कि कोरबा से वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी संबलपुर भाग गए थे। पुलिस टीम वहां पहुंची और एक होटल से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में नासिर मोल्ला (41), सजना बीबी (40), मिथुन चक्रवर्ती (38), तापसी दास (38) और गुलापी दास (55) शामिल हैं। सभी आरोपी उत्तर 24 परगना जिले के निवासी हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी गए दो सोने के चैन और एक सोने का लॉकेट, जिसकी कुल कीमत करीब 4.50 लाख रुपये है, बरामद किया गया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई XUV300 कार को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य राज्यों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H