मनोज यादव, कोरबा। तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो अलग-अलग दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। यह घटना बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर दो लोग और दूसरी बाइक पर भी दो लोग सवार थे। दोनों दोपहिया वाहन बांकी मोंगरा क्षेत्र में दो नंबर खदान रोड के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।

मृतक बांकी मोंगरा क्षेत्र के रोहनी गांव का निवासी बताया जा रहा है। वह अपने एक साथी के साथ बाइक से बाजार गया था और वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गया।

ट्रेलर छोड़कर भागा चालक

हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था। राहगीरों ने चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रेलर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम

हादसे में युवक की मौत के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सहित सीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारी लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि स्थानीय लोग वाहन मालिक को मौके पर बुलाने, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और घायलों के इलाज का खर्च उठाने समेत अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस की ओर से लोगों को समझाने और यातायात व्यवस्था सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H