CG Crime News : मनोज यादव, कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. ग्राम जमनीमुड़ा में महिला का शव उसके घर के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतिका की पहचान अगहन कुंवर चौहान के रूप में हुई है. महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं. ऐसे में प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है. घटना पाली थाना क्षेत्र की है.
CG Crime News : घर में मिला महिला का शव

जानकारी के अनुसार, सुबह के वक्त पति सहदेव राम चौहान घर आए तो उन्होंंने अपनी पत्नी का शव देखा. महिला की हालत देखकर वह घबरा गया और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी. महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान होने और घटनास्थल से ईंट के टुकड़े बरामद होने के बाद मामला और संदिग्ध हो गया. आशंका जताई जा रही है कि महिला पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया होगा. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
CG Crime News : डॉग स्क्वायड ने की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनीष कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए. मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल पर जांच की. पुलिस ने महिला के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

पीएम रिपोर्ट से मौत का खुलेगा राज
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे हत्या की वजह है या कोई अन्य कारण, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

