अजीत पाटकर, कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चर्चित कटगोड़ी हत्याकांड में अब करणी सेना और शिवसेना की एंट्री हो गई है। रायपुर से पहुंचे दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। वहीं कलेक्टर से इस मामले के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद रहे।
पीड़ित परिवार से मिलने के बाद करणी सेना और शिव सेना के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई करने और दोषियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की गई है। संगठनों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जरूरी है।


अब तक तीन लोगों की मौत, चार आरोपी गिरफ्तार
आपको बता दें कि कटगोड़ी हत्याकांड में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह को फॉर्च्यूनर में आग लगाकर मार डाला गया था। दो गंभीर घायलों का इलाज बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में जारी है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं कई अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जानिए पूरा मामला ?
सोनहत के नौगई गांव में भाजपा नेता और पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह के रिश्तेदार नागेंद्र सिंह के बेटे ने नौगई रेत घाट का ठेका लिया था। रेत के अवैध खनन को लेकर उनका भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था। देर रात करीब 12 बजे मनोज त्रिपाठी से जुड़े लोगों ने भरत सिंह को घर के पास घेर लिया। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने फॉर्च्यूनर कार के आगे और पीछे हाईवा वाहन लगा दिया। फिर कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
कार में भरत सिंह, उनका भाई और शिक्षक नागेंद्र सिंह, मयंक सिंह, योगेंद्र सिंह और रायपुर निवासी विरेंद्र सिंह सवार थे। कार सवार भरत सिंह बुरी तरह से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके भाई नागेंद्र सिंह, विरेंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह और मयंक किसी तरह बाहर निकले। कार से बाहर निकलते ही सभी की बेदम पिटाई की गई। विरेंद्र के गले पर फरसे से वार किया गया था, गंभीर हालात में उन्हें अंबिकापुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मामले 9 लोगों के खिलाफ FIR हुई है। अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी, मनोज त्रिपाठी सहित 4 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बाकी की तलाश की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

