Kota Expressway Accident: राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह करीब 7 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीमलिया थाना क्षेत्र में मध्य प्रदेश के बैतूल से जयपुर की ओर जा रही एक ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 20 फीट नीचे बरसाती नाले में जा गिरी।
हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण छूट गया। ट्रैवलर में सवार ज्यादातर यात्री सो रहे थे और सभी खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे।

तेज रफ्तार में डिवाइडर तोड़कर नाले में गिरी ट्रैवलर
सीमलिया थाना अधिकारी नंद सिंह के मुताबिक, ट्रैवलर कराड़िया टोल प्लाजा पार करने के बाद सुल्तानपुर की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। तेज रफ्तार के कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। ट्रैवलर सड़क पर लगे डिवाइडर को तोड़ते हुए पुलिया से नीचे जा गिरी। इसके बाद वाहन नाले की दीवार से भी टकराया और वहीं फंस गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
क्रेन की मदद से निकाला गया वाहन, रेस्क्यू में जुटीं टीमें
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए पहुंचे। सूचना मिलते ही सीमलिया थाना पुलिस, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की रेस्क्यू टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। ट्रैवलर करीब 20 फीट गहरे नाले में फंसी थी। यात्रियों को बाहर निकालने के लिए पुलिसकर्मियों और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को एंबुलेंस की मदद से बाहर निकालकर कोटा मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल और एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया। NHAI ने क्रेन की मदद से ट्रैवलर को नाले से बाहर निकलवाया।
चार यात्रियों की मौके पर मौत, चार ने रास्ते में दम तोड़ा
सुल्तानपुर के ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश सामर के मुताबिक, सूचना मिलने पर ब्लॉक की चार एंबुलेंस तत्काल घटनास्थल पर भेजी गईं। हादसे में 8 लोगों की मौत हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, चार यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। वहीं, चार अन्य गंभीर घायलों की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया गया। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई गई है।
बैतूल से खाटू श्यामजी के दर्शन करने जा रहे थे यात्री
ट्रैवलर में सवार ज्यादातर लोग मध्य प्रदेश के बैतूल के निवासी थे। वे शुक्रवार रात बैतूल से राजस्थान के सीकर जिले में स्थित रींगस के खाटू श्यामजी मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे। हादसे में जान गंवाने वाले और घायल लोग आपस में रिश्तेदार और पारिवारिक दोस्त बताए गए हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद कोटा ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
हादसे पर अशोक गहलोत ने जताया दुख
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भोपाल से खाटू श्यामजी जा रही मिनी बस के कोटा जिले के सीमलिया थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होने से कई लोगों की मौत का समाचार दुखद और हृदयविदारक है। गहलोत ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
पढ़ें ये खबरें
- ‘रामायण’ में हनुमान चालीसा गाने पर क्या बोले Diljit Dosanjh? अपनी गलती के लिए मांगी माफी
- 8 नवंबर को रायपुर में मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध, होटल में भी बेचने पर होगी कार्रवाई, आदेश जारी
- Ramayana Worldwide Collection: धनतेरस पर ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले दिन 155 करोड़ का किया कलेक्शन
- Ranveer Singh की ‘प्रलय’ की शूटिंग से टले क्रिकेट मैच, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
- Shehzad Poonawalla बने ‘Rise And Fall 2’ के विनर, जीत की रकम बाढ़ पीड़ितों को किया दान

