Rajasthan News: राजस्थान के Kota Medical College Hospital में एक मरीज की मौत के बाद अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। मेडिकल आईसीयू में भर्ती मरीज की मौत के बाद परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ मारपीट की और आईसीयू में तोड़फोड़ की। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ब्रेन स्ट्रोक के मरीज का चल रहा था इलाज
जानकारी के अनुसार, रामपुरा निवासी अमर सिंह नरूका को ब्रेन स्ट्रोक के कारण गंभीर हालत में मेडिकल आईसीयू में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के अनुसार, इलाज के दौरान उनकी स्थिति बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उन्हें सीपीआर दिया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मौत के बाद ICU में हंगामा
मरीज की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए। आरोप है कि 5 से 7 लोगों ने ड्यूटी पर मौजूद रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। डॉक्टरों के अनुसार, इस दौरान आईसीयू में तोड़फोड़ भी की गई, जिससे वहां भर्ती अन्य गंभीर मरीजों के इलाज पर भी असर पड़ा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
डॉक्टरों की शिकायत, एक व्यक्ति हिरासत में
घटना की सूचना मिलने पर महावीर नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित डॉक्टरों की ओर से राजकार्य में बाधा, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शक्ति सिंह नाम के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई है।
रेजिडेंट डॉक्टरों ने दी कार्य बहिष्कार की चेतावनी
घटना के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों में नाराजगी है। रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमंत शर्मा ने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो डॉक्टर कार्य बहिष्कार का निर्णय ले सकते हैं।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक के दामाद ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मरीज की हालत में पहले सुधार था, लेकिन वार्ड बदलने के बाद तबीयत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार अस्पताल स्टाफ को मरीज की स्थिति की जानकारी दी, लेकिन समय पर ध्यान नहीं दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने भी घटना की आंतरिक जांच शुरू करने की बात कही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ें ये खबरें
- 28 दिन पहले घर में गूंजी किलकारी, अब तिरंगे में लौटा जवान
- चलती कार में महिलाओं ने बनाई रील : कोई दरवाजे पर लटकीं, तो कोई बोनट पर लेटी… VIDEO VIRAL
- बुझ गया घर का एकलौता चिराग! ट्रेन की चपेट में आया 13 साल का मासूम, मौके पर हुई मौत
- निजी मेडिकल कॉलेजों की मनमानी, हॉस्टल और ट्रांसपोर्ट के नाम पर हर साल वसूल रहे 4,50,000 रुपए से अधिक राशि…
- मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, कुकी समुदाय के 15 घरों में लगाई आग; जंगलों में शरण लेने को मजबूर ग्रामीण
