अक्सर लोग बॉलीवुड सेलिब्रिटीज पर उनके कपड़ों को लेकर सवाल उठाते रहते हैं. एक बार फिर ट्रोल्स ने नैतिकता के नाम पर सवाल उठाए हैं और इस बार निशाने पर एक्ट्रेस कृति सेनन (Kriti Sanon) आ गई हैं. दरअसल, हाल ही में वो रक्षाबंधन के एक विज्ञापन में नजर आईं हैं. लेकिन त्योहार की खुशी पर ध्यान देने के बजाय कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर उनके कपड़ों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं, अब एक्ट्रेस ने इसपर ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है.

सामने आए विज्ञापन में कृति सेनन (Kriti Sanon) ने आइवरी रंग का लहंगा, डीप-नेक ब्लाउज और केप पहना रखा था. जहां कई लोगों को उनका लुक पसंद आया, वहीं कुछ लोगों ने इसे ‘अनुचित’ बताया है. कुछ लोगों ने संस्कृति और परंपरा का हवाला देते हुए उनके कपड़ों पर सवाल उठाए और इसे ‘वोक एजेंडा’ तक बताया. इसी बीच ट्रोलर्स को करारा जवाब देते हुए कृति सेनन (Kriti Sanon) ने अपने इंस्टाग्राम की स्टोरी पर एक नोट शेयर किया है.

बता दें कि कृति सेनन (Kriti Sanon) ने इन ट्रोल्स को करारा जवाब देते हुए कहा कि किसी महिला के कपड़ों से उसकी संस्कृति के प्रति सम्मान को नहीं मापा जाना चाहिए. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “त्योहारों की असली भावना आपके कपड़ों में नहीं, बल्कि उन भावनाओं और परंपराओं में होती है जिन्हें आप दिल से मानते हैं. रक्षाबंधन सुरक्षा और प्यार का रिश्ता है. मेरी बहन और मैं एक-दूसरे को राखी बांधते हैं. हम एक-दूसरे की रक्षा करने का वादा करते हैं और एक-दूसरे की अच्छी सेहत, खुशी और लंबी उम्र की प्रार्थना करते हैं. हमारे लिए यह प्यार और प्रार्थना हमारे कुत्तों तक भी जाती है, क्योंकि वे भी हमारे परिवार का हिस्सा हैं. आखिर हम महिलाओं को यह बताना कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए? समय के साथ पारंपरिक फैशन भी बदला है, लेकिन आज भी किसी महिला की संस्कृति के प्रति सम्मान को सिर्फ उसके कपड़ों से क्यों मापा जाता है? संस्कृति और परंपराएँ उसके दिल में होती हैं, उसकी नेकलाइन में नहीं.”

एक्ट्रेस कृति सेनन (Kriti Sanon) ने अपनी बात से साफ कर दिया कि त्योहार और परंपराएँ सिर्फ कपड़ों के बारे में नहीं हैं. ये प्यार, रिश्तों, भावनाओं और परिवार से जुड़ी होती हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि महिलाओं के कपड़ों को लेकर इतनी ज्यादा बातें क्यों होती हैं और उनकी पसंद को लेकर उन्हें बार-बार क्यों परखा जाता है।