लक्ष्य वर्मा,करनाल। कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने करनाल पहुंचकर मीडिया से बातचीत में भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दे पर कहा कि इसकी निंदा बीजेपी की होनी चाहिए, क्योंकि यह बिल कांग्रेस ने वर्ष 2010 में पारित किया था, जबकि बीजेपी ने 2014 के अपने घोषणापत्र में इसका उल्लेख किया और अब राजनीतिक लाभ के लिए इसे उठा रही है।


उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी केवल दिखावा करती है और देश व महिलाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। शैलजा ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिला आरक्षण लागू करना चाहती है तो वर्तमान व्यवस्था में ही इसे लागू करे, न कि नई शर्तें जोड़कर टालने की कोशिश करे।


जनगणना और संविधान को लेकर भी सवाल
शैलजा ने नई जनगणना (Census) के आधार पर आरक्षण लागू करने की बात पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के साथ न्याय होना चाहिए, लेकिन सरकार इस मुद्दे को अनावश्यक रूप से जटिल बना रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी मौजूदा कानूनों को बदलकर संविधान के साथ छेड़छाड़ करना चाहती है।


सद्भावना यात्रा और राजनीतिक मुद्दों पर प्रतिक्रिया
राहुल गांधी की संभावित सद्भावना यात्रा पर उन्होंने कहा कि इस पर फिलहाल कुछ कहना उचित नहीं है। वहीं भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया।
दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय चौटाला के मामले पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में “जंगलराज” जैसी स्थिति है और यह स्पष्ट नहीं है कि क्या हो रहा है।


नगर निगम चुनाव और अन्य मुद्दे
नगर निगम चुनाव को लेकर शैलजा ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह तैयार है, जबकि बीजेपी के अंदर ही मतभेद और विवाद चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी को खुद पता नहीं है कि उन्हें इतना समय क्यों लग रहा है।
पहलगाम हमले को लेकर उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं देश के लिए गंभीर हैं और इससे भारी कीमत चुकानी पड़ती है। उन्होंने देश की सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए सेना पर विश्वास व्यक्त किया।


कुलदीप शर्मा का बयान
इस दौरान कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा ने दुष्यंत चौटाला से जुड़े मामले पर कहा कि इस मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि पिस्तौल दिखाने की घटना में सच्चाई है तो सरकार को गंभीरता से जांच करनी चाहिए, अन्यथा वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
भाजपा नेता के वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि “छुप-छुप कर सब कुछ हो रहा है।”