करनाल:हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। असंध में पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित एक कार्यकर्ता सम्मेलन में मंच से जमकर सियासी तीर चले। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता एक साथ नजर आए, जहाँ सबसे बड़ा बयान पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह की ओर से आया। उन्होंने सिरसा सांसद कुमारी शैलजा को हरियाणा की कमान सौंपने की पुरजोर वकालत की।

शैलजा के नेतृत्व में सड़कों पर उतरने का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस को और मजबूत करने के लिए सिरसा सांसद कुमारी शैलजा को आगे आना होगा। उन्होंने आह्वान किया कि कुमारी शैलजा खुद सड़कों पर उतरकर लोगों को जोड़ने का काम संभालें। बीरेंद्र सिंह ने दावा किया कि आज हरियाणा का हर समाज कांग्रेस से जुड़ने के लिए तैयार बैठा है। उन्होंने कहा, “जैसे ही उत्तराखंड का चुनाव खत्म हो, कुमारी शैलजा तुरंत हरियाणा की सड़कों पर उतरें और कांग्रेस को मजबूत करने का काम शुरू कर दें।

“बार-बार चुनाव जीतने वाले को नेता बनाना होगा

असंध के राजनीतिक इतिहास पर बात करते हुए बीरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि यहाँ का रिकॉर्ड रहा है कि लोग जिसे एक बार विधायक बना देते हैं, वह दोबारा चुनाव नहीं जीत पाता। अगर किसी को बड़ा नेता बनाना है, तो उसे बार-बार चुनाव जिताना पड़ता है। जब तक आप मजबूत नेता नहीं बनाएंगे, तब तक इलाके का भला नहीं हो सकता। उन्होंने शमशेर सिंह गोगी की तारीफ करते हुए कहा कि गोगी सिर्फ असंध के एमएलए ही नहीं हैं, बल्कि पूरे हरियाणा में उनका एक बड़ा नाम है।

व्यक्ति विशेष के बजाय कांग्रेस की बात करने से मिलेगी जीत

कार्यक्रम में मौजूद पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने पिछले चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली बार कार्यकर्ताओं ने पसीना तो बहुत बहाया, लेकिन ऐन वक्त पर निशाना चूक गए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस में किसी व्यक्ति विशेष की बात करने के बजाय अगर सिर्फ कांग्रेस पार्टी की बात की जाएगी, तभी चुनाव जीता जा सकता है। उन्होंने कहा, “जब कांग्रेस में एक नेतृत्व होगा, तभी बात बनेगी। दो कांग्रेस से काम नहीं चलेगा। सभी को गुटबाजी की दीवारें तोड़कर सिर्फ राहुल गांधी को नेता मानकर काम करना होगा।

“मंच पर जुटे कांग्रेस के कई दिग्गज

शमशेर सिंह गोगी के जन्मदिन के बहाने हुए इस शक्ति प्रदर्शन में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, प्रभारी संजय दत्त, अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा सहित हरियाणा कांग्रेस के कई बड़े चेहरे एक साथ मंच पर मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं कि क्या आने वाले समय में कुमारी शैलजा को राज्य में कोई बड़ी भूमिका मिलने वाली है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m