आरिफ शेख, श्योपुर। Kuno National Park: कूनो नेशनल पार्क में चीतों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को 27 माह की भारतीय मूल की मादा चीता KGP11 की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद एक बार फिर चीता प्रोजेक्ट की निगरानी व्यवस्था और मॉनिटरिंग सिस्टम पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

पहाड़गढ़ के पास घायल मिली थी मादा चीता

जानकारी के अनुसार, 1 जून को मुरैना जिले के पहाड़गढ़ क्षेत्र के पास मादा चीता घायल अवस्था में मिली थी। उसे रेस्क्यू कर पालपुर स्थित पशु चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां करीब चार से पांच दिन तक उपचार चला, लेकिन शनिवार शाम उसने दम तोड़ दिया। जिसकी जानकारी कूनो नेशनल पार्क के प्रबंधक ने प्रेस नोट जारी कर मीडिया से साझा की है।

कई चीतों और शावकों की हो चुकी मौत

गौरतलब है कि, कूनो में पिछले कुछ समय में कई चीतों और शावकों की मौत हो चुकी है। हर बार मौत के बाद जांच और मॉनिटरिंग को और मजबूत करने के दावे किए गए, लेकिन लगातार सामने आ रहे मामलों ने वन्यजीव प्रेमियों और विशेषज्ञों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर चीतों की लगातार और प्रभावी निगरानी हो तो कई मामलों में समय रहते उपचार और बचाव संभव हो सकता है। 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

हालांकि वन विभाग का कहना है कि चीते की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। चीता परियोजना के ताजा आंकड़ों के अनुसार, KGP11 की मौत के बाद कूनो में अब 49 चीते शेष हैं। इनमें 32 भारतीय मूल के चीते हैं, जबकि भारत में कुल चीता आबादी 52 रह गई है।

ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या लगातार हो रही मौतों के बावजूद चीता प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग और सुरक्षा व्यवस्था में अभी भी सुधार की जरूरत है? KGP11 की मौत के बाद यह सवाल फिर चर्चा के केंद्र में है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m