कुरुक्षेत्र: सेक्टर-7 में अधिवक्ता बलवंत सिंह वालिया के घर हुई 3.15 करोड़ रुपये की लूट के मामले में गिरफ्तार किए गए दो मुख्य आरोपियों को मंगलवार रात हथियार बरामद कराने के लिए ले जाना पुलिस के लिए मुठभेड़ की स्थिति में बदल गया। उमरी चौक के पास खाली प्लाट में पहुंचते ही आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। दोनों तरफ से गोलियां चलीं और पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कमल व साहिल के पैरों में गोली लग गई। पुलिस ने दोनों को मौके पर काबू कर लिया।
सीआईए-1 की टीम आरोपियों से लूट की वारदात को लेकर पूछताछ कर रही थी। जांच में सामने आया कि लूट का सामान अलग-अलग जगहों पर छिपाया गया था, जिसे पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया। वारदात में इस्तेमाल हथियार और घटना के समय पहने गए कपड़ों की बरामदगी बाकी थी।

मंगलवार शाम पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को हथियार छिपाए जाने की जगह के बारे में जानकारी दी। इसके बाद सीआईए-1 की टीम दोनों को उमरी चौक के नजदीक एनएच-44 पर फ्लावर सिटी के साथ लगते एक खाली प्लाट में लेकर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, झाड़ियों के बीच से पिस्तौल निकालने के बाद आरोपियों ने अचानक टीम पर गोली चला दी।
फायरिंग होते ही पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला। आरोपियों ने वहां से निकलने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी। घायल होने के बाद दोनों को पुलिस ने फिर से हिरासत में ले लिया।
सीआईए-1 प्रभारी निरीक्षक प्रतीक ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान करीब छह-सात राउंड फायर होने की जानकारी है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मौके से एक बिना लाइसेंस की देसी पिस्तौल बरामद की है। अब जांच टीम लूट की रकम और अन्य सामान की बरामदगी के साथ-साथ वारदात में इस्तेमाल हथियार तथा मुठभेड़ से जुड़े पूरे घटनाक्रम की भी पड़ताल कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


