कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र (Kurukshetra) जिले में दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 (NH-44) पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। पिपली के पास सर्विस लेन में हरियाणा रोडवेज की एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार व्यक्ति को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर हड़कंप मच गया।
काम पर जा रहे थे रिंकू, पीछे से काल बनकर आई रोडवेज बस
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 39 वर्षीय रिंकू के रूप में हुई है, जो गांव चंद्रभानपुरा (Chandrbhanpura) के रहने वाले थे। रिंकू पेशे से लकड़ी के काम की ठेकेदारी करते थे। शनिवार सुबह रिंकू अपनी बाइक पर सवार होकर किसी निजी काम से पिपली आ रहे थे। जैसे ही वह पिपली में देवीलाल पार्क (Devilal Park Pipli) के सामने जीटी रोड की सर्विस लेन पर पहुंचे, तभी करनाल की तरफ से आ रही झज्जर डिपो की हरियाणा रोडवेज बस (HR63GV-7909) ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। बस करनाल से चंडीगढ़ की तरफ जा रही थी।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, ड्राइवर बस छोड़कर फरार
टक्कर लगते ही रिंकू बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर दौड़े और घायल रिंकू को कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी सरकारी अस्पताल (LNJP Hospital Kurukshetra) पहुंचाया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी रोडवेज बस चालक कार्रवाई के डर से बस को बीच रास्ते पर ही छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गया।
परिवार का कमाऊ सदस्य छिना, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
रिंकू की अचानक हुई मौत से उनके हंसते-खेलते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके घर में कोहराम मचा हुआ है। रिंकू अपने घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी सोनिया और दो मासूम बेटे हैं। बड़ा बेटा आशु महज 13 साल का है और छोटा बेटा गनिश केवल 10 साल का है। पिता की मौत के बाद बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने बस और बाइक को कब्जे में लिया, जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही पिपली थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और हरियाणा रोडवेज की बस को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी बस ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और फरार ड्राइवर की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।

