हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक वैवाहिक वेबसाइट के जरिए संपर्क में आने के बाद लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे 46 वर्षीय दुकानदार राम अवतार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, जिसके बाद पुलिस ने लिव-इन पार्टनर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

कुरुक्षेत्र। घर में सब कुछ सामान्य लग रहा था। नई शुरुआत की उम्मीद थी, रिश्ते को दूसरा मौका देने की कोशिश चल रही थी। परिवार को लग रहा था कि पत्नी की मौत के बाद बिखर चुके घर में फिर से खुशियां लौट आएंगी। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि जिस रिश्ते को नई जिंदगी की उम्मीद माना जा रहा है, वही कुछ ही दिनों में एक खौफनाक मोड़ ले लेगा।

रात करीब 11 बजे अचानक घर के ऊपर वाले कमरे से चीखने की आवाज आई। नीचे मौजूद बच्चों और परिजनों के कदम तेजी से ऊपर की तरफ दौड़े, लेकिन वहां का माहौल कुछ ऐसा था जिसने हर किसी को सन्न कर दिया। कुछ देर बाद जब दोबारा कमरे में पहुंचे तो 46 वर्षीय दुकानदार राम अवतार बेसुध हालत में पड़े मिले। सिर पर चोट के निशान थे और मुंह से सफेद झाग निकल रहा था। परिवार तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

यह मामला हरियाणा के Kurukshetra का है, जहां पुलिस जांच में सामने आया कि राम अवतार की करीब 10 महीने पहले एक शादी की वेबसाइट के जरिए दिल्ली के नरेला निवासी शालू से पहचान हुई थी। दोनों के जीवन में पहले ही बड़ा दुख आ चुका था। राम अवतार की पत्नी की बीमारी से मौत हो चुकी थी, जबकि शालू के पति का भी निधन हो चुका था। बातचीत बढ़ी, मुलाकातें शुरू हुईं और फिर दोनों ने साथ रहने का फैसला कर लिया।

करीब 20 अप्रैल को शालू अपने दो बच्चों के साथ कुरुक्षेत्र आ गई और राम अवतार के साथ लिव-इन रिलेशन में रहने लगी। परिवार को उम्मीद थी कि अब सब ठीक होगा, लेकिन मृतक की बेटी का आरोप है कि कुछ ही दिनों में महंगे सामान की मांग शुरू हो गई। नया फ्रिज, अलमारी, बेड और बच्चों की जरूरतों पर लाखों रुपये खर्च करवाए गए। परिवार का दावा है कि महज 26 दिनों में 5 से 7 लाख रुपये तक खर्च हुए।

अब मौत के बाद मामला और भी उलझ गया है। फोरेंसिक जांच में सिर में गंभीर चोट, अंदरूनी ब्लीडिंग और जहरीले पदार्थ की आशंका सामने आई है। मृतक की बेटी के बयान पर पुलिस ने शालू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और कई पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। सवाल अब सिर्फ एक है क्या यह प्यार था, लालच था या फिर पहले से रची गई कोई साजिश?