कुरुक्षेत्र, नवोदित. कुरुक्षेत्र के इस्माईलाबाद के गांव लोटनी में एक विवाहिता की मौत हो गई है। मायके पक्ष ने इस मालमे में उसके पति, सास और ससुर पर उसकी हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि बेटी के साथ शादी के बाद से लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।
घटना की सूचना मिलने पर परिवार मौके पर पहुंचा तो महिला के शरीर पर चोटों के कई निशान मिले। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति, सास व ससुर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2013 में हुई थी शादी
कैथल के पुंडरी निवासी मुनीश ने बताया कि उसकी बहन नीति की शादी वर्ष 2013 में गांव लोटनी निवासी गुलाब सिंह से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। आरोप है कि शादी के बाद से गुलाब सिंह शराब पीकर पत्नी के साथ मारपीट करता था। कई बार पंचायतें भी हुईं, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं आया। करीब एक वर्ष पहले भी मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया था, जिसके बाद शिकायत पर पंचायत के जरिए समझौता कराया गया था।
रात में आया फोन, सुबह घर पहुंचने पर मिली लाश
शिकायतकर्ता ने बताया कि रात करीब 11:50 बजे जीजा का फोन आया कि “आपकी बहन मर चुकी है, आकर उसे ले जाओ।” इसके बाद परिजन रात में ही गांव लोटनी पहुंचे, जहां नीति घर में मृत अवस्था में मिली। परिजनों का आरोप है कि उसके शरीर पर चोटों के निशान थे और पति, सास तथा ससुर मौके पर मौजूद थे। उनका आरोप है कि तीनों ने मिलकर उसकी हत्या की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और क्राइम सीन यूनिट मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए गए। शिकायत के आधार पर इस्माइलाबाद थाना पुलिस ने पति गुलाब सिंह, ससुर रणवीर सिंह और सास कृष्णा देवी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शराब के लिए पैसे मांगने पर हुई लड़ाई
मृतका के चचेरे भाई शिवदयाल ने बताया कि नीति का पति गुलाब सिंह शराब पीने का आदी था। उनके अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर शराब को लेकर विवाद और मारपीट होती रहती थी। शिवदयाल का आरोप है कि घटना वाली रात भी गुलाब सिंह ने नीति से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। संभवतः पैसे नहीं मिलने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई होगी। उनका आरोप है कि इसके बाद सास-ससुर भी विवाद में शामिल हो गए और तीनों ने मिलकर चुन्नी से नीति का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
शिवदयाल ने बताया कि रात में ही गुलाब सिंह ने फोन कर सूचना दी कि नीति को हार्ट फेल हो गया है और उसका शव ले जाएं। जब परिजन नीति के ससुराल पहुंचे तो उसके गले पर निशान थे। हाथों पर भी चोट के निशान दिखाई दिए। इसके अलावा उसके कपड़े भी फटे हुए थे, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।
- IAS अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार, इफ्फत आरा और राजेंद्र कटारा को मिली नई जिम्मेदारी…
- युवा संवाद कार्यक्रम: सीएम साय बोले- सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण के 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक है सेवा संकल्प यात्रा
- मां बगलामुखी के दरबार में भक्त ने तोड़ा दम, दर्शन के लिए आए महाराष्ट्र के श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने से मौत
- यूपी के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर: अक्टूबर के बिल में 5.24% की छूट, जानिए वजह
- राजधानी में गुटखा कारोबारी के ठिकाने पर DGGI का छापा, 50 बोरों से ज्यादा सितार जब्त, गुटखा किंग तक जुड़े रहे तार

