कुरुक्षेत्र। जिले के इस्माइलाबाद में नेशनल हाईवे 152 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय एनआरआई युवक गौरव कुमार उर्फ साहिल की जान चली गई। साहिल न्यूजीलैंड से अपनी शादी के लिए भारत आया था और 19 अप्रैल को ही उसकी शादी हुई थी। इसी सप्ताह उसे वापस न्यूजीलैंड लौटना था, लेकिन घर लौटते समय उसकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।

काम निपटाकर दोस्त के साथ लौट रहा था अंकित

हादसा रात करीब 10:30 बजे जमींदारा ढाबा के पास हुआ। साहिल अपने दोस्त अंकित के साथ पिहोवा से काम निपटाकर वापस अपने गांव खरींडवा लौट रहा था। चश्मदीद दोस्त के अनुसार, आगे चल रहे ट्रक के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक मारकर कट मार दिया, जिससे साहिल की कार ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।

जांच के बाद डॉक्टर ने युवक को किया मृत घोषित

सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को पिहोवा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दोस्त का इलाज चल रहा है। पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।