कुरुक्षेत्र। जिले के शाहाबाद में बराड़ा रोड पर खदानों के बीच 15-20 दिन की नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली। बच्ची जमीन पर पड़ी थी और उसकी सांसें चल रही थीं। उसकी आंख पर चोट लगी थी। शरीर पर कई जगह लाल निशान थे, जो कीड़े-चींटियों के काटने से बने थे। सुबह करीब 7 बजे दूध लेने जा रही महिला की नजर बच्ची पर पड़ी। उसने बच्ची को गोद में उठाया और किसानों की मदद से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को शाहाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

दूध लेने जा रही महिला ने बच्ची को देखा

पास की कॉलोनी में रहने वाली प्रवीण बेगम ने बताया कि वह सुबह करीब 7 बजे दूध लेने जा रही थी। रास्ते में जंगल पार करते समय उसकी नजर जमीन पर पड़ी बच्ची पर गई। बच्ची को देखने के बाद प्रवीण बेगम ने आसपास मौजूद किसानों को आवाज लगाई। इसके बाद उसने बच्ची को गोद में उठा लिया। किसानों ने पुलिस को फोन कर बच्ची के मिलने की जानकारी दी।

बच्ची की आंख पर लगी है चोट

पुलिस के अनुसार, बच्ची की उम्र करीब 15 से 20 दिन है। उसकी आंख पर चोट लगी हुई है और दोनों आंखें बंद हैं। शरीर पर लाल रंग के निशान भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक ये निशान कीड़े-चींटियों के काटने की वजह से बने हैं। महिला ने जब बच्ची को देखा, उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

SHO ने बच्ची को गोद में लेकर पहुंचाया अस्पताल

सूचना मिलते ही शाहाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। SHO सुरेंद्र सिंधु ने बच्ची को अपनी गोद में लिया और उसे शाहाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। बच्ची का इलाज सिविल अस्पताल में कराया जा रहा है। उसे चोट लगी हुई है। पुलिस के मुताबिक इलाज के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बच्ची को कौन छोड़ गया, अभी पता नहीं

फिलहाल यह सामने नहीं आया है कि बच्ची को वहां कौन छोड़कर गया और उसे कब वहां छोड़ा गया। प्रवीण बेगम ने बच्ची को सुबह करीब 7 बजे देखा था। इससे पहले वह वहां कितनी देर से पड़ी थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। मामले की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है। बच्ची को खदानों के बीच छोड़ने वाले के बारे में फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m