कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के सेकंड गेट के पास एक छात्र को रास्ते में रोककर हथौड़े और डंडों से हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल कार और चार डंडे बरामद किए हैं।
थाना केयूके पुलिस के अनुसार, हमीरगढ़ निवासी सुनील ने शिकायत में बताया कि वह कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करता है। वह ऑटो से यूनिवर्सिटी के सेकंड गेट के पास सरकारी स्कूल के सामने पहुंचा था। इसी दौरान एक बिना नंबर की कार ने उसके ऑटो के आगे गाड़ी लगाकर रास्ता रोक दिया।
शिकायत के मुताबिक, कार से पांच युवक हथौड़े और डंडे लेकर नीचे उतरे। आरोप है कि युवकों ने सुनील को जबरन ऑटो से उतारा और एक तरफ ले जाकर उसके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने डंडों और हथौड़ों से उस पर हमला कर दिया।
मारपीट में घायल करने के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
घटना की शिकायत मिलने पर थाना केयूके में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
SHO सुरेंद्र सिधु ने बताया कि पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए खड़क सिंह उर्फ खडका निवासी भोर सैंयदा, कवंल सिंह निवासी स्योसंर, लक्ष्य उर्फ लक्खा निवासी कुरलन और गुरमेल उर्फ जुग्गा निवासी सोथा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार डंडे और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की है।
चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



