कुरुक्षेत्र: घर से ट्यूशन के लिए निकला 13 वर्षीय वरुण अपने दोस्तों के साथ नहर में नहाने पहुंच गया, लेकिन कुछ देर बाद वह अचानक लापता हो गया। घटना कुरुक्षेत्र के गांव दबखेड़ी के पास की है। वरुण आठवीं कक्षा में पढ़ता था और गांव बाहरी मोहल्ले में अपने परिवार के साथ रहता था।

बताया जा रहा है कि वरुण ट्यूशन की छुट्टी मारकर परिवार को बिना बताए तीन दोस्तों के साथ नहर पर पहुंचा था। चारों बच्चे नहर किनारे गए थे और इसी दौरान वरुण नहाते समय पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद उसके साथ गए तीनों बच्चे घबरा गए और नहर किनारे बैठकर रोने लगे।

इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर बच्चों पर पड़ी। जानकारी मिलने पर गोताखोर प्रगट सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बच्चों से पूछताछ करने पर पता चला कि उनका दोस्त वरुण नहाते समय नहर में बह गया है। इसके बाद पुलिस और वरुण के परिजनों को सूचना दी गई।

नहर किनारे तलाशी के दौरान वरुण के कपड़े और चप्पल बरामद हुए। गोताखोरों की टीम ने नहर में सर्च अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद रात में तलाशी अभियान रोकना पड़ा।

वरुण के पिता भी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनका बेटा घर से ट्यूशन जाने की बात कहकर निकला था। परिवार को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह दोस्तों के साथ नहर में नहाने चला गया है।

गोताखोर प्रगट सिंह के अनुसार, अंधेरा होने के कारण वरुण की तलाश में परेशानी आई है। अब सुबह दोबारा नहर में सर्च अभियान चलाया जाएगा। पुलिस और गोताखोरों की टीम बच्चे की तलाश में जुटी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m