कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक 23 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गोविंद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव का रहने वाला था और यहां रंग-पुताई का काम करता था। घटना रतगल गांव की है, जहां वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ किराए के कमरे में रहता था।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर गोविंद अपने पिता के साथ बैठकर शराब पी रहा था। जब उसकी पत्नी बिमला काम से लौटी, तो उसने पिता के साथ शराब पीने का विरोध किया। विवाद तब और बढ़ गया जब बिमला अपनी बेटी को फल खिलाने लगी। इस बात से नाराज होकर नशे में धुत गोविंद ने अपनी पत्नी और बेटी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पति की प्रताड़ना से तंग आकर बिमला शिकायत दर्ज कराने पुलिस चौकी चली गई। जब वह वापस लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, तो गोविंद का शव पंखे से लटका मिला। सूचना मिलते ही सेक्टर-7 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
पुलिस ने पत्नी के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव लेकर उत्तर प्रदेश स्थित अपने पैतृक गांव रवाना हो गए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

