कुशीनगर. कुशीनगर में एक स्कूल प्रबंधक पर महिला टीचर से छेड़छाड़ और आपत्तिजनक बातें करने का आरोप लगा है. विरोध करने पर महिला को धमकी देने की बात भी सामने आई है. घटना से जुड़ा करीब 5 मिनट 47 सेकंड का वीडियो सामने आया है, जिसमें प्रबंधक महिला टीचर के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करता दिखाई दे रहा है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
TC बनाने के बहाने ऑफिस में बुलाने का आरोप
मामला रविंद्रनगर थाना क्षेत्र के सरस्वती चौक स्थित द रेनबो लोरेटो स्कूल का है. यहां आठवीं तक पढ़ाई होती है. आरोप है कि 1 अक्टूबर को छुट्टी के बाद स्कूल प्रबंधक दिनेश राय ने महिला टीचर को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) बनाने के बहाने अपने ऑफिस में बुलाया. इसके बाद उसने कथित तौर पर टीचर के साथ छेड़छाड़ की. महिला टीचर ने घटना के दौरान अपने मोबाइल से बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. वीडियो में वह प्रबंधक को दूर रहने और उसे नहीं छूने की चेतावनी देती नजर आ रही है.
वीडियो में महिला टीचर करती दिखी विरोध
वीडियो में महिला टीचर प्रबंधक के व्यवहार का विरोध करते हुए उससे सवाल करती है कि वह उसके साथ इस तरह की हरकत क्यों कर रहा है. वह उसे अपने व्यवहार पर रोक लगाने और स्कूल में ऐसी हरकत नहीं करने के लिए कहती है. वीडियो में प्रबंधक कथित तौर पर महिला से अनुचित संबंध बनाने की बात करता सुनाई देता है. महिला बार-बार उससे दूरी बनाए रखने के लिए कहती है और वहां से जाने का प्रयास करती है.
शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
पीड़िता ने गुरुवार रात पुलिस से शिकायत की. इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया. पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे दिनेश राय को गिरफ्तार किया गया. शाम करीब पांच बजे उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
BNS की तीन धाराओं में दर्ज हुआ केस
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोप जांच का हिस्सा हैं.

