राकेश कथूरिया, कैथल। भारत सरकार के ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि लद्दाख क्षेत्र में सौर ऊर्जा का एक बड़ा प्रोजेक्ट लगाया जा रहा है। इस परियोजना से तैयार होने वाली बिजली को ट्रांसमिशन लाइन के माध्यम से कैथल तक लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि बड़ी ट्रांसमिशन लाइन का अंतिम बिंदु कैथल में होगा, जहां से बिजली को देश के अन्य हिस्सों में वितरित किया जाएगा।
मनोहर लाल ने यह जानकारी कैथल में मीडिया से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने कहा कि लद्दाख में तैयार हो रही सौर ऊर्जा परियोजना के जरिए देश के ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और कैथल भी इस बड़े ट्रांसमिशन नेटवर्क का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगा।
एलिवेटेड रोड को लेकर नए प्रस्ताव पर काम की उम्मीद
कैथल में प्रस्तावित एलिवेटेड रोड को लेकर पूछे गए सवाल पर मनोहर लाल ने कहा कि सड़कों की दूरी कम होने और एलिवेशन के लिए जरूरी जगह उपलब्ध नहीं होने के कारण फिलहाल दिक्कतें सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि यदि नए प्रस्ताव के माध्यम से कोई रास्ता निकलता है तो इस योजना को आगे बढ़ाया जाएगा। मनोहर लाल ने कुरुक्षेत्र में बनाए गए एलिवेटेड रोड का भी जिक्र किया और कहा कि वहां भी इस तरह की परियोजना के लिए रास्ता निकाला गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं बेहतर तरीके से तैयार होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी न आए।
संसद में विपक्ष के रवैये पर कांग्रेस को घेरा
संसद में विपक्ष के रवैये को लेकर मनोहर लाल ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में कांग्रेस के सदस्यों ने सदन में व्यवधान डालने का मन बना लिया था और आखिरी दिन तक सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चलने दी।
उन्होंने कहा कि जनता अपने प्रतिनिधियों को संसद में विचार-विमर्श के लिए भेजती है। ऐसे में लोकतंत्र में इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिहाज से ठीक नहीं है और राजनीतिक दृष्टि से भी यह उसके लिए अच्छा नहीं है।


