MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। आज लाडली बहनों के खातों में पैसा आएगा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बहनों के खातों में सिंगल क्लिक से राशि ट्रांसफर करेंगे। लाडली बहना योजना की 39वीं किस्त के रूप में 1,500 रुपए दिए जाएंगे। रक्षाबंधन के शगुन के तौर पर बहनों को 250 रुपए अतिरिक्त मिलेंगे।

CM का मैहर दौरा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार, 19 अगस्त को मैहर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे विश्व प्रसिद्ध मां शारदा माता मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे लाडली बहना योजना के तहत प्रदेश की बहनों के बैंक खातों में राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर करीब 1:30 बजे मैहर पहुंचेंगे। हेलीपैड से कार के जरिए मां शारदा मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वे उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद शाम करीब 4:55 बजे कार से हेलीपैड पहुंचकर रीवा के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में मैहर के लिए एक बड़ी सौगात मां शारदा लोक फेज-1 के रूप में शामिल है। 8.95 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मां शारदा लोक फेज-1 के कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। साथ ही जिले में सड़क, भवन, पेयजल और अधोसंरचना से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री कार्यक्रम में 151 करोड़ रुपये के 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन और करीब 105 करोड़ रुपये के 13 कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इस तरह जिले को लगभग 256 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए जाएंगे।

उज्जैन भी जाएंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव उज्जैन भी जाएंगे। जहां वे एलिवेटेड ब्रिज का भूमिपूजन करेंगे। मकोड़ियाआम से हरिफाटक और निकास चौराहे से हरिफाटक के बीच एलिवेटेड ब्रिज बनेगा। सीएम यहां अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। दोपहर में उज्जैन से इंदौर के लिए रवाना होंगे।

टैक्सी संचालकों की हड़ताल का दूसरा दिन

राजधानी भोपाल में आज भी टैक्सी चालकों की हड़ताल रहेगी। 3500 टैक्सी चालक 18 से 20 अगस्त तक तीन दिन की हड़ताल पर है। आज बुधवार को बोर्ड ऑफिस चौराहे पर धरना देंगे। इसके बाद यूनियन के पदाधिकारी, परिवहन मंत्री से मुलाकात करेंगे।

ये है टैक्सी चालकों की मांगें

  • उचित और तय किराया लागू हो
  • तय किराए पर टैक्सी चलाने के निर्देश हों
  • निजी नंबर वाले वाहनों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर रोक लगे
  • चालकों की आर्थिक समस्याओं का समाधान हो
  • एग्रीगेटर कंपनियों की मनमानी पर रोक लगे।

राजधानी में ‘जेन अल्फा’ प्रोटेस्ट

राजधानी भोपाल में स्कूली बच्चे सड़क पर उतर गए। इस दौरान डीएमएस में केवी के मर्जर का विरोध किया। आपको बता दे कि रीजनल स्कूल के 300 से 400 छात्रों को केंद्रीय विद्यालय में शिफ्ट किया जा रहा है। शिफ्टिंग की प्रस्ताव को लेकर नाराजगी है। प्रस्ताव को लेकर छात्रों ने जमकर नारेबाजी की।

भोपाल नगर निगम परिषद की बैठक आज

भोपाल नगर निगम परिषद की आज बैठक होगी। जनहित के मुद्दों को लेकर हंगामे के आसार है। बैठक में जनहित के मुद्दों को लेकर विपक्ष और पार्षदों की ओर से सवाल उठाए जाने की संभावना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m