MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में आज लाड़ली बहना योजना की राशि जारी होगी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव लाडली बहनों को उनके खातों में पैसे ट्रांसफर करेंगे। आगर मालवा जिले से बहनों के खाते में राशि अंतरित करेंगे। 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 बहनों के खाते में रुपये ट्रांसफर होंगे। सीएम सिंगल क्लिक के जरिए 1835 करोड़ रुपये ट्रांसफर करेंगे।
CM आज आगर मालवा दौरे पर
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज रविवार को आगर मालवा जिले के दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 1:40 बजे आगर मालवा पहुंचेंगे। यहां से बहनों के खातों में लाडली बहना योजना की राशि ट्रांसफर करेंगे। आपको बता दें कि इस योजना के अंतर्गत अब तक 65,395 करोड़ रुपये से ज्यादा का अंतरण हो चुका हैं। आज योजना की 40वीं किस्त जारी होगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री 225.95 करोड़ के 33 कार्यों का भूमि-पूजन और 28.14 करोड़ के 17 कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे।
एमपी बोर्ड के मेधावी छात्रों के लिए खुशखबरी
16 सितंबर को 7,500 से ज्यादा विद्यार्थियों को स्कूटी मिलेगी। सरकारी स्कूल में टॉप करने वाले छात्रा और छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। नए नियमों के तहत 12वीं में 70% या उससे अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थी ही पात्र होंगे। पहले सरकारी स्कूल के 60 फीसदी अंक वाले स्कूल टॉपर भी योजना के पात्र थे। आपको बता दें कि सरकार स्कूटी खरीदने के लिए 1 लाख से 1.25 लाख रुपए तक देती है। विद्यार्थियों को पेट्रोल और ई-स्कूटी में से किसी एक का विकल्प मिलता है। इस साल ई-स्कूटी के प्रति विद्यार्थियों का रुझान बढ़ा है। स्कूटी योजना का कार्यक्रम पहले 11 सितंबर को होना था लेकिन अंतिम समय में कार्यक्रम 16 सितंबर तक टाल दिया गया। इस योजना के लिए विभाग के पास करीब 200 करोड़ रुपए का बजट है।
राजधानी में स्वाइन फ्लू से पहली मौत
भोपाल में स्वाइन फ्लू के 12 दिन में 45 मरीज मिले है। स्वाइन फ्लू से पहली मौत हुई है। निजी अस्पताल में भर्ती 80 साल के मरीज की संक्रमण के साथ गंभीर सांस की बीमारी के कारण मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मरीज को पहले से हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर और टाइप-2 डायबिटीज भी थी। भोपाल में अब तक इस सीजन में स्वाइन फ्लू के 65 मरीज मिले है। इनमें 45 यानी करीब 70% मरीज बीते 12 दिनों में सामने आए है। अब तक गंभीर लक्षण वाले 232 मरीजों को जांच हुई है।
मंदसौर के कई इलाकों में बिजली रहेगी गुल
मंदसौर शहर में आज कई इलाकों में बिजली सप्लाई बंद रहेगी। सुबह 5 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक बिजली बंद रहेगी। मेंटेनेंस कार्य के चलते लालघाटी गांव, यतींद्र विहार, संजय हिल्स, गुलमोहर, पटेल नगर, अरोरा कॉलोनी, नाहर सैय्यद बाबा के आसपास के इलाके, नंदा हाइट, गौतम विहार, ऋतुराज, अनूप नगर, बाबू नगर, नानेश नगर, कोठारी नगर, लालघाटी रोड, संजीत नाका, राम नगर, राधेश्याम नगर, महावीर कॉलोनी, इंद्रा नगर, कृष्णा कंपाउंड, कृष्णा विहार, शिव विहार और प्रभा विहार सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली सप्लाई ठप रहेगी।
उज्जैन में गणेशोत्सव की तैयारियां तेज
धार्मिक नगरी उज्जैन में गणेशोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार मिट्टी से बने गणपति जी लोगों की पसंद बन रहे हैं। घरों से लेकर सार्वजनिक पंडालों तक शुद्ध मिट्टी की प्रतिमाएं स्थापित करने की तैयारी हो रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



