उमेश यादव, सागर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को सागर जिले के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्रवासियों और प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगातें दीं। सीएम ने एक भव्य जनसभा के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में ₹1835 करोड़ की मासिक किस्त सीधे ट्रांसफर की। इसके साथ ही सागर, देवरी और केसली क्षेत्र के विकास के लिए ₹200 करोड़ से अधिक के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

विधायक की मांग पर बड़ी घोषणा: केसली और गौरझामर बनीं नगर पंचायत

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। देवरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बृजबिहारी पटेरिया की विशेष मांग और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए सीएम ने केसली और गौरझामर दोनों बड़ी ग्राम पंचायतों को ‘नगर पंचायत’ बनाने का ऐतिहासिक ऐलान किया।

इसके अलावा, क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए केसली के अस्पताल को 100 बिस्तरों की क्षमता में अपग्रेड करने और वहां डॉक्टरों की तत्काल तैनाती को मंजूरी दी।

वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर होगी देवरी मंडी

क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवरी की कृषि उपज मंडी का नाम बदलकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर करने की घोषणा की।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि लाड़ली बहनों के खाते में राशि डालते-डालते आज लगभग तीन साल पूरे हो रहे हैं। विरोधी लगातार योजना बंद होने की अफवाहें फैलाते रहे, लेकिन हमारी सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए बिना रुके पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।

जीतू पटवारी और कांग्रेस पर तीखा हमला

मंच से कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की संस्कृति में कभी महिलाओं का वास्तविक सम्मान नहीं रहा और उन्होंने हमेशा केवल वोट बैंक की राजनीति की है। सीएम ने जनता को आश्वस्त किया कि भाजपा सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाएं भविष्य में भी इसी तरह निर्बाध रूप से चलती रहेंगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m