लखीमपुर खीरी जिले के पढ़ुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत दुलही गांव में शुक्रवार सुबह पड़ोसी पर जानलेवा हमला करने के बाद हमलावर ने खुद को गोली मारकर जीवन लीला समाप्त कर ली. वारदात में घायल दूसरे युवक को गंभीर हालत के चलते लखनऊ रेफर किया गया है.
लखीमपुर खीरी. जिले में पढ़ुआ थाना अंतर्गत दुलही गांव में शुक्रवार सुबह करीब सात बजे आपसी रंजिश में गोलीबारी की दुखद घटना सामने आई है. चार दिनों से चले आ रहे विवाद के बाद एक युवक ने पड़ोसी पर फायर झोंक दिया और इसके तुरंत बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली.
गाली-गलौज के बाद चली गोली
दुलही गांव का रहने वाला 33 वर्षीय अखिलेश शुक्रवार सुबह अपने घर के बाहर नल पर मुंह धो रहा था. उसी दौरान करीब 20 मीटर की दूरी पर रहने वाला 38 वर्षीय इदरीश वहां पहुंचा और दोनों के बीच कहासुनी होने लगी. बहस बढ़ने पर इदरीश ने असलाह निकालकर अखिलेश पर गोली चला दी. इसके बाद उसने अपनी कनपटी पर तमंचा सटाकर खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
घायल को लखनऊ किया गया रेफर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए. पुलिस ने इदरीश के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. वहीं पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए अखिलेश को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है.
युवती को ले जाने से जुड़ा था विवाद
निघासन के क्षेत्राधिकारी (सीओ) शिवम कुमार के अनुसार इस खूनी संघर्ष की वजह एक युवती से जुड़ा विवाद था. 16 सितंबर को इदरीश, अखिलेश की 20 वर्षीय बहन को अपने साथ ले गया था, जिसके संबंध में अखिलेश ने केस दर्ज कराया था. पुलिस ने 17 सितंबर को युवती को बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया था, जिसके बाद से ही दोनों पक्षों के बीच गहरा तनाव बना हुआ था.



