लखीमपुर खीरी के सैदीपुर खुर्द गांव में पत्नी को साथ ले जाने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर अपने 60 वर्षीय ससुर की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है. बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी भी हमले में घायल हुई, जबकि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है.
लखीमपुर खीरी. जिले के फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के सैदीपुर खुर्द गांव में शनिवार को पत्नी को मायके से साथ ले जाने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर अपने 60 वर्षीय ससुर की चाकू से हमला कर हत्या करने का आरोप है. घटना में आरोपी की पत्नी भी घायल हुई है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया.
16 साल पहले हुई थी शादी
सैदीपुर खुर्द निवासी 60 वर्षीय सोहन लाल ने करीब 16 साल पहले अपनी बेटी सुमित्रा देवी की शादी बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र के रविदासनगर निवासी मुकेश पुत्र लाल बिहारी से की थी.
बताया गया है कि करीब चार महीने पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद सुमित्रा अपने मायके आकर रहने लगी और उसने पति के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा भी दायर किया था. इस मामले में 25 अगस्त को सुनवाई होनी है.
पत्नी को लेने पहुंचा था
शनिवार सुबह करीब 11 बजे मुकेश अपनी पत्नी को साथ ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा. आरोप है कि सोहन लाल ने अदालत में होने वाली सुनवाई का हवाला देते हुए बेटी को उसके साथ भेजने से मना कर दिया.
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. आरोप है कि मुकेश ने चाकू से सोहन लाल पर कई वार कर दिए. सुमित्रा बीच-बचाव के लिए पहुंची तो उस पर भी चाकू से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गई.
अस्पताल में मौत
चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. इसके बाद सोहन लाल और घायल सुमित्रा को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सोहन लाल को मृत घोषित कर दिया. सुमित्रा का अस्पताल में इलाज जारी है.
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह, फूलबेहड़ के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह और पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने मुकेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.


