सत्या राजपूत, रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्टाइपेंड बढ़ोतरी की मांग को लेकर हड़ताल पर गए जूनियर डॉक्टरों ने आंदोलन खत्म कर दिया है। यूजी और पीजी डॉक्टरों के स्टाइपेंड में उनकी मांग के अनुरूप बढ़ोतरी के बाद जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल समाप्त करने का ऐलान किया। इसके साथ ही अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य होने की उम्मीद है।

जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल के बीच लल्लूराम डॉट कॉम ने स्वास्थ्य विभाग और हड़ताली डॉक्टरों के बीच सेतु की भूमिका निभाई। लगातार दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कराने और मांगों को सामने रखने के प्रयासों के बाद स्टाइपेंड बढ़ोतरी पर सहमति बनी। आज स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल से मुलाकात के बाद जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल खत्म कर दिया है।

मांग के अनुरूप बढ़ा स्टाइपेंड

स्टाइपेंड में बढ़ोतरी के फैसले के बाद जूनियर डॉक्टरों में खुशी का माहौल है। यूजी और पीजी डॉक्टरों का कहना है कि उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पर सरकार ने सकारात्मक निर्णय लिया है। डॉक्टरों ने इस पहल के लिए लल्लूराम डॉट कॉम का भी आभार जताया।

हड़ताल से मरीज हो रहे थे प्रभावित

जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल का असर अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा था। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर और दूर-दराज से इलाज कराने पहुंचे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। हड़ताल खत्म होने के बाद अब मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है। स्टाइपेंड बढ़ोतरी के फैसले के बाद जूनियर डॉक्टरों ने आंदोलन समाप्त कर काम पर लौटने का निर्णय लिया है। इससे अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने में मदद मिलेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H