इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन (MPWLC) के लक्ष्मीपुर ओपन कैप में धान की बोरियों में अंकुरण मामले में प्रशासन ने त्वरित व कड़ी कार्रवाई की है। लल्लूराम डॉट काम की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है, जिसके बाद पन्ना शाखा प्रबंधक श्रीमती वंदना बागरी को शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

लल्लूराम डॉट काम ने प्रमुखता से उठाई थी खबर

लक्ष्मीपुर स्थित ओपन कैप में हजारों मीट्रिक टन धान के रख-रखाव में भारी बदइंतजामी की तस्वीर लल्लूराम डॉट काम ने प्रमुखता से दिखाई थी। खबर प्रसारित होने के बाद निगम प्रशासन तुरंत हरकत में आया। कॉरपोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच ने स्वयं पन्ना पहुंचकर लक्ष्मीपुर ओपन कैप का निरीक्षण किया।

निरीक्षण में खुली लापरवाही की पोल

अध्यक्ष संजय नगायच के निरीक्षण के दौरान 17,543 मीट्रिक टन धान के रख-रखाव में गंभीर कमियां और लापरवाही पाई गईं। बारिश के पानी से धान को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कवर, कैप-टॉप और नेट का उचित उपयोग नहीं किया गया था। इस भारी लापरवाही के कारण धान भीग गया और बोरियों से पौधे उगने लगे, जिससे कीमती अनाज के खराब होने की नौबत आ गई।

3 अगस्त को जारी हुआ निलंबन आदेश

जांच रिपोर्ट के आधार पर 3 अगस्त को निलंबन का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान शाखा प्रबंधक वंदना बागरी को सागर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से संबद्ध (अटैच) किया गया है।

“किसान हित से खिलवाड़ पर जीरो टॉलरेंस नीति”

कार्रवाई के बाद कॉरपोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति लागू है। किसानों के हित और सरकारी संपत्ति के रख-रखाव में खिलवाड़ करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m