Bihar politics: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आज शुक्रवार (6 नवंबर) को सीवान दौरे के दौरान पूर्व सांसद और बाहुबली मोहम्मद शहाबुद्दीन के घर पहुंचे, जिसे लेकर राज्य में सियासी हलचल तेज हो गई। दरअसल कोर्ट में पेशी के बाद लालू यादव नया किला स्थित हिना शहाब और रघुनाथपुर से राजद विधायक ओसामा शहाब के आवास पहुंचे, जहां शहाबुद्दीन के परिवार ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

ओसामा के दोनों बेटों को दिया आशीर्वाद

इस मुलाकात के दौरान परिवार के साथ लालू यादव की आत्मीयता भी देखने को मिली। ओसामा शहाब खुद लालू यादव और उनके साथ आए लोगों को नाश्ता कराते नजर आए। ओसामा अपने दोनों बेटों जर्रार और सलार को लेकर लालू के पास पहुंचे। लालू यादव ने दोनों बच्चों के सिर पर हाथ फेरकर उन्हें आशीर्वाद दिया। इस दौरान बड़े बेटे जर्रार ने हाथ उठाकर लालू को सलाम किया, तो उन्होंने भी हाथ उठाकर उसका जवाब दिया।

इस मुलाकात की तस्वीरों में एक पुराना राजनीतिक रिश्ता भी झलकता नजर आया। बताया जा रहा है कि लालू ने कभी ओसामा को भी इसी तरह दुलार और आशीर्वाद दिया था।

लालू-शहाबुद्दीन के बीच रहा है गहरा राजनीतिक संबंध

दरअसल, लालू प्रसाद यादव और मोहम्मद शहाबुद्दीन के बीच लंबे समय तक गहरे राजनीतिक संबंध रहे। लालू ने 1995 में शहाबुद्दीन को जनता दल का टिकट दिया था। इसके बाद शहाबुद्दीन सीवान से कई बार सांसद चुने गए और राजद के सबसे प्रभावशाली नेताओं में उनकी गिनती होने लगी। दोनों के बीच करीबी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लालू ने जेल में बंद शहाबुद्दीन से मुलाकात की थी और उन्हें अपना छोटा भाई बताया था।

हालांकि, साल 2021 में शहाबुद्दीन के निधन के बाद उनके परिवार और राजद नेतृत्व के बीच रिश्तों में दूरी की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। अगस्त 2024 में लालू यादव और तेजस्वी यादव ने हिना शहाब से मुलाकात कर इन अटकलों के बीच सियासी समीकरणों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी थी। इसके बाद राजद ने ओसामा शहाब को विधानसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार भी बनाया।

पेशी के लिए कोर्ट पहुंचे थे लालू यादव, जमानत

बता दें कि लालू यादव 15 साल पुराने आचार संहिता उल्लंघन के मामले में पेशी के लिए सीवान कोर्ट पहुंचे थे, जहां अदालत ने उनकी जमानत मंजूर कर ली। उनकी पेशी अरबिंद सिंह की अदालत में हुई। इस दौरान कोर्ट परिसर में लालू यादव को देखने और उनसे मिलने के लिए समर्थकों की भीड़ जुटी रही।

यह मामला साल 2011 के विधानसभा चुनाव से जुड़ा है। उस वक्त लालू यादव दरौंदा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे एक प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे थे। आरोप है कि चुनाव प्रचार के लिए निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी उन्होंने सभा में भाषण दिया था। इसी को लेकर उनके खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया था। इस केस में लालू यादव के साथ चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी परमेश्वर सिंह को भी आरोपी बनाया गया था। हालांकि, परमेश्वर सिंह का निधन हो चुका है।

ये भी पढ़ें- बिहार की पंचायतों को लेकर CM सम्राट चौधरी का बड़ा फैसला, जलमीनारों पर लगेंगे 20 KW के सोलर पैनल