सुशीला देवी, गुडगांव। गुरुग्राम में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस ने एक बार फिर बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। भूमि माफियाओं और आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए गुरुग्राम पुलिस ने अवैध कब्जों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए करोड़ों की जमीन पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।


यह कार्रवाई गांव बुढेड़ा स्थित एसजीटी यूनिवर्सिटी के पास बादली रोड पर की गई, जहां खुफिया सूचना के आधार पर अवैध रूप से बनाए गए ऑफिस को चिन्हित किया गया। पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर भारी मशीनरी की मदद से पूरे निर्माण को जमींदोज कर दिया और जमीन को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया।

जांच में सामने आया कि इस अवैध निर्माण के पीछे कुख्यात आरोपी नरेंद्र उर्फ पव्वा का हाथ है, जो गांव धनवापुर का निवासी है। आरोपी के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और शस्त्र अधिनियम समेत 8 गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। यही नहीं, आरोपी ने करीब 3 करोड़ रुपये की 300 वर्ग गज जमीन पर कब्जा कर रखा था और अवैध बोरवेल के जरिए पानी बेचने का धंधा भी चला रहा था।

पूरी कार्रवाई अपराध शाखा पालम विहार द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से की गई। अभियान के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।

गुरुग्राम पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अवैध कब्जा, भूमाफिया गतिविधियों और संगठित अपराध को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले समय में भी ऐसे सख्त अभियान और तेज किए जाएंगे, ताकि शहर को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाया जा सके।