अभिषेक सेमर, तखतपुर। तखतपुर के लोखंडी में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान के बेसमेंट से बड़ी मात्रा में कीटनाशक और कृषि दवाएं बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में दवाओं की गिनती और जब्ती की प्रक्रिया जारी रही। वहीं, मकान मालिक के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आ रही है।

यह भी पढ़ें : जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह जैन के ST जाति प्रमाण पत्र की जांच तेज, 7 अगस्त को उच्च स्तरीय समिति करेगी सुनवाई

मामला सकरी थाना क्षेत्र के लोखंडी का है, जहां कृषि विभाग की टीम ने एक मकान में दबिश दी। मकान के बेसमेंट में बड़ी मात्रा में कीटनाशक और कृषि उपयोग में आने वाली दवाएं रखी हुई थीं। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बरामद दवाओं का भंडारण बिना आवश्यक लाइसेंस के किया जा रहा था। टीम द्वारा मौके पर दवाओं की गिनती के साथ-साथ उनके दस्तावेज और वैधता की जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, जांच के दौरान कुछ दवाओं के एक्सपायर होने और कुछ के डुप्लीकेट होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, दवाएं वास्तव में एक्सपायर या नकली हैं या नहीं, इसकी पुष्टि जांच और संबंधित विभाग की रिपर्ट के बाद ही हो सकेगी।

बताया जा रहा है कि जिस मकान में यह भंडारण किया गया था, वह गाजियाबाद उत्तर प्रदेश निवासी आशु सिंह पाल का है। कार्रवाई के दौरान आशु सिंह पाल मौके पर मौजूद नहीं मिला और उसके फरार होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल, कृषि विभाग की टीम बरामद कीटनाशक और दवाओं की गिनती एवं जब्ती की कार्रवाई में जुटी है। दवाओं की जांच के बाद ही पूरे मामले में आगे की कार्रवाई और बरामद सामग्री की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m