उत्तरकाशी में लगातार बारिश के बीच महिडंडा रोड पर पहाड़ का बड़ा हिस्सा अचानक सड़क पर भरभराकर गिर गया. घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. राहत की बात यह रही कि उस समय सड़क पर कोई राहगीर मौजूद नहीं था. फिलहाल प्रशासन ने लोगों से भूस्खलन प्रभावित इलाकों में सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.

बता दें कि उत्तराखंड में मानसून के चलते हालात बिगड़ रहे हैं. पूरे प्रदेश में इस समय करीब 135 सड़कें बंद हो गई हैं. प्रशासन के रियल टाइम सिस्टम से ये जानकारी मिली है. 104 सड़कें PMGSY के तहत बंद हैं. PWD की भी 31 सड़कें प्रभावित हैं. बारिश से जगह-जगह भूस्खलन और स्लिप हो रहा है. संवेदनशील इलाकों में एहतियात के तौर पर जेसीबी मशीनें समेत रेस्क्यू फोर्स तैनात किया गया है.

इसे भी पढ़ें : देवभूमि में खतरे का अलर्टः देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी समेत कई जगह होगी भारी बारिश, अचानक बाढ़ की आशंका

गुरुवार को ही भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया था. जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ क्षेत्रों में 31 जुलाई को भारी वर्षा के कारण जलभराव और फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) की आशंका व्यक्त की गई है.

मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित जनपदों के जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं. जारी दिशा-निर्देश में कहा गया है कि जनपद स्तर पर राहत और बचाव दलों को पूर्ण रूप से तैयार रखा जाए और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.