इमरान खान, खंडवा। जिले के हरसूद थाना क्षेत्र में धारूखेड़ी गांव के पास भेड़ चरवाहों और पारदी समाज के लोगों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान 24 भेड़ों की हत्या कर दी गई। वहीं दोनों पक्षों के कुल तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। पारदी समाज के लोग धारूखेड़ी गांव के पास डेरा बनाकर रहते हैं। इसी दौरान भेड़ चरवाहे अपनी भेड़ों को लेकर यहां पहुंचे थे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते आमने-सामने के टकराव में बदल गया। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
दो लोगों को चोटें आई
घटना की सूचना मिलते ही हरसूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पारदी समाज के एक व्यक्ति और भेड़ चरवाहों की ओर से दो लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए हरसूद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहीं, 24 भेड़ों की मौत से नाराज चरवाहों ने हरसूद- भोपाल मार्ग पर हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग की और चक्काजाम करने की कोशिश की।
विवाद के कारणों की जांच
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश दी और सड़क पर जाम नहीं लगने दिया। मौके पर हरसूद थाने से SI चंद्रशेखर कड़े, ASI ज्ञानसिंह गौड़, चिंतामन उइके, हेड कांस्टेबल हरिप्रसाद, कांस्टेबल अनिल मेहरा और 112 के पायलट सतीश सोनी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। फिलहाल हरसूद थाना पुलिस 24 भेड़ों की हत्या और विवाद के कारण की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


