LPG Price Today India : घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है. 27 जून 2026 को देशभर में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू और 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और पश्चिम एशिया में हालात सामान्य होने के बावजूद फिलहाल घरेलू बाजार में गैस सिलेंडर के दाम स्थिर बने हुए हैं.
गौरतलब है कि 7 जून को घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जबकि 1 जून को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम 42 रुपये बढ़ाए गए थे. इसके बाद से अब तक कोई नया संशोधन नहीं हुआ है.
आज आपके शहर में क्या है LPG सिलेंडर का रेट?
देश के प्रमुख शहरों में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में थोड़ा-बहुत अंतर देखने को मिल रहा है. नई दिल्ली में 14.2 किलोग्राम का घरेलू सिलेंडर 942 रुपये में मिल रहा है. मुंबई में इसकी कीमत 941.50 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये है.
वहीं नोएडा में घरेलू LPG सिलेंडर 939.50 रुपये में उपलब्ध है, जो प्रमुख शहरों में सबसे कम कीमतों में शामिल है. गुरुग्राम में इसकी कीमत 950.50 रुपये, चंडीगढ़ में 951.50 रुपये और जयपुर में 945.50 रुपये है.
बेंगलुरु में उपभोक्ताओं को सिलेंडर 944.50 रुपये, भुवनेश्वर में 968 रुपये, लखनऊ में 979.50 रुपये और तिरुवनंतपुरम में 951 रुपये में मिल रहा है. सबसे अधिक कीमत पटना में है, जहां घरेलू LPG सिलेंडर 1,031.50 रुपये में बिक रहा है.
सरकार ने LPG सप्लाई को लेकर दी बड़ी राहत
केंद्र सरकार ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडरों की सप्लाई पर पिछले दो महीनों से लागू सभी प्रतिबंध हटा दिए हैं. इसके साथ ही बल्क LPG सप्लाई पर लगी रोक भी समाप्त कर दी गई है.
सरकार का मानना है कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के सामान्य रूप से खुलने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से अब LPG आयात और सप्लाई पहले की तरह सामान्य हो रही है.
सरकार के इस फैसले से होटल, रेस्तरां, इंडस्ट्री और अन्य कमर्शियल उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
कब सस्ता होगा घरेलू LPG सिलेंडर?
हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है, लेकिन इसका असर घरेलू LPG सिलेंडर के दामों पर तुरंत देखने को नहीं मिलेगा. विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय कीमतों में बदलाव का प्रभाव भारतीय बाजार तक पहुंचने में 3 से 6 महीने का समय लग सकता है.
फिलहाल एक 14.2 किलोग्राम घरेलू LPG सिलेंडर की वास्तविक लागत करीब 1,600 रुपये बताई जा रही है, जबकि दिल्ली में उपभोक्ताओं को यह 942 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है.
यानी वास्तविक लागत और उपभोक्ता कीमत के बीच का बड़ा अंतर फिलहाल तेल विपणन कंपनियां वहन कर रही हैं, ताकि आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े.
इसी वजह से चालू वित्त वर्ष में सरकारी तेल कंपनियों को करीब 60,000 करोड़ रुपये तक का घाटा होने का अनुमान लगाया जा रहा है. ऐसे में जब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें लंबे समय तक नीचे नहीं रहतीं और कंपनियों की लागत कम नहीं होती, तब तक घरेलू LPG सिलेंडर सस्ता होने की संभावना सीमित मानी जा रही है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

