नवीन शर्मा, हांसी. हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हांसी की अनाज मंडी का दौरा कर सरकार की व्यवस्थाओं पर तीखे प्रहार किए हैं। हुड्डा ने मंडी में उठान की धीमी गति पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि अब तक केवल 20 प्रतिशत फसल का उठान हो पाया है, जिसके कारण किसान और आढ़ती दोनों ही भाजपा की नीतियों से त्रस्त हैं।

उन्होंने स्वामीनाथन रिपोर्ट के आधार पर लाभकारी मूल्य देने की मांग उठाई और आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार की जटिल प्रक्रियाओं ने मंडियों का ढांचा पूरी तरह बिगाड़ दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सत्ता में रहे या न रहे, वह जनता के हितों के लिए मजबूती से लड़ती रहेगी।
हुड्डा का बड़ा हमला: अवैध कॉलोनियां काट रहे बीजेपी विधायक
मंडी में मीडिया से रूबरू होते हुए हुड्डा ने हरियाणा सरकार के नेताओं पर अवैध कॉलोनियां काटने के गंभीर आरोप लगाए और कहा कि एचएसवीपी के जरिए मिलने वाले गरीब के प्लॉट अब आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गए हैं।
हिंसा के आरोपों पर सरकार को दी चुनौती
जाट आरक्षण हिंसा में हाथ होने के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने चुनौती दी कि यदि वे दोषी थे, तो पिछले 10 वर्षों से सत्ता में बैठी भाजपा सरकार ने उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया।
इनेलो और जेजेपी को भाजपा की बी-टीम बताया
हुड्डा ने इनेलो और जेजेपी को भाजपा की बी-टीम करार दिया और कहा कि अगर वे किसान हितैषी होते तो चुनाव में उनका सूपड़ा साफ न होता। महिला आरक्षण के क्रियान्वयन में देरी और बिजेंद्र की सद्भाव यात्रा से दूरी बनाकर उन्होंने अपने कड़े राजनीतिक रुख के स्पष्ट संकेत दिए हैं।
