Laura Cardoso 9 Wickets T20I Record: टी20 क्रिकेट 20 ओवरों का होता है, जिसमें हर एक गेंदबाज 4 ओवर डाल सकता है. हमने देखा है कि कोई गेंदबाज अगर अच्छी गेंदबाजी करे तो 4 या 5 विकेट ले लेता है, लेकिन अगर आपसे कहा जाए कि टी20 इंटरनेशनल में एक गेंदबाज ने सिर्फ 3 ओवर डालकर 9 विकेट निकाल दिए हैं, तो चौंकिएगा मत. 9 अप्रैल 2026 को ऐसा हो चुका है. ये कमाल महिला क्रिकेट में हुआ है और जिस गेंदबाज ने यह चमत्कार किया है, उसका नाम लॉरा कार्डोसो है.

लॉरा कार्डोसो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 9 विकेट हॉल करने वाली पहली गेंदबाज बन चुकी हैं. उनसे पहले कोई भी यह कमाल नहीं कर सका था. लॉरा कार्डोसो ब्राजील की तेज गेंदबाज हैं. उन्होंने यह कारनामा लेसोथो टीम के खिलाफ BCA कालाहारी महिला T20 टूर्नामेंट के 14वें मैच में किया है. उनकी घातक गेंदबाजी के दम पर ब्राजील ने 189 रनों से ऐतिहासिक जीत हासिल की.

लॉरा कार्डोसो ने अपने 3 ओवर के स्पेल में सिर्फ 4 रन दिए और 9 विकेट झटके. उनका गेंदबाजी फिगर 3-2-4-9 रहा, जो टी20I इतिहास में अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है. ब्राजील की तेज गेंदबाज लॉरा कार्डोसो के 9 विकेट इसलिए भी खास हैं, क्योंकि उन्होंने सिर्फ 3 ओवर में यह कमाल किया. उन्होंने 3 ओवर में 2 मेडन ओवर भी डाले. सिर्फ 4 रन दिए और 9 विकेट चटका दिए. उन्होंने लगातार 5 गेंदों पर 5 विकेट भी पूरे किए.

लगातार 5 गेंदों पर 5 विकेट कैसे पूरे किए?

कार्डोसो का जबरदस्त स्पेल दूसरे ओवर में शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने आखिरी 3 गेंदों पर हैट्रिक ली और अगले ओवर की पहली 2 गेंदों पर 2 और विकेट चटकाए. इस तरह उन्होंने लगातार 5 गेंदों पर 5 विकेट पूरे किए.

दूसरे ओवर में उन्होंने कुल 4 विकेट झटके और अपने तीसरे ओवर में 2 विकेट निकाले. इस तरह उन्होंने 3 ओवरों में 9 विकेट लेकर विपक्षी टीम को 13 रनों पर ढेर कर दिया.

सोनम येशे और रोहमालिया को पछाड़ा

ब्राजील की तेज गेंदबाज लॉरा कार्डोसो अब पुरुष और महिला दोनों टी20 इंटरनेशनल इतिहास में ऐसी पहली गेंदबाज बन चुकी हैं, जिन्होंने एक पारी में 9 विकेट चटकाए हैं. उनसे पहले यह रिकॉर्ड भूटान के सोनम येशे के नाम था, जिन्होंने 2025 में म्यांमार के खिलाफ एक पुरुष टी20 इंटरनेशनल मैच में 7 रन देकर 8 विकेट लिए थे. वहीं महिला टी20 इंटरनेशनल में इंडोनेशिया की रोहमालिया ने 2024 में मंगोलिया के खिलाफ बिना कोई रन दिए 7 विकेट लिए थे, लेकिन अब लॉरा कार्डोसो ने इन दोनों रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया है.

मैच का हाल

अगर मैच की बात करें तो ब्राजील ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 202 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था. टीम के लिए रॉबर्टा एवरी ने 35 गेंदों में 48 रन बनाए, जबकि मोनिका मचाडो ने 41 गेंदों में नाबाद 69 रन की पारी खेली. इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी लेसोथो की टीम सिर्फ 13 रनों पर सिमट गई.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H