ओटावा/टोरंटो। कनाडा में लगातार बढ़ रहे जबरन वसूली (Extortion) और हिंसक अपराधों के पीछे सक्रिय लॉरेंस बिश्नोई गैंग के राजनीतिक-अपराधिक सिंडिकेट ने अब कनाडाई कानून व्यवस्था को सीधी चुनौती दे दी है। बिश्नोई गैंग द्वारा ब्रिटिश कोलंबिया पुलिस को एक आधिकारिक पत्र भेजा गया है, जिसमें यह खौफनाक दावा किया गया है कि कनाडा की धरती पर उनके 1000 से अधिक ‘फुट सोल्जर्स’ यानी जमीनी स्तर पर काम करने वाले शूटर पूरी तरह सक्रिय हैं।
इस धमकी भरी चिट्ठी के सामने आने के बाद कनाडा के सुरक्षा तंत्र में हड़कंप मच गया है। वहीं, वहां रह रहे दक्षिण एशियाई समुदाय, विशेषकर भारतीय और पंजाबी मूल के नामी व्यापारियों और संपन्न परिवारों में भारी दहशत और चिंता का माहौल है।
देश निकाले की सुनवाई के दौरान हुआ सनसनीखेज खुलासा
इस बेहद संवेदनशील मामले का खुलासा गुरुवार को कनाडा में चल रही एक डिपोर्टेशन (देश निकाली संबंधी) सुनवाई के दौरान हुआ। कनाडाई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जबरन वसूली के मामलों की जांच कर रहे एक प्रमुख जांचकर्ता और एडमेंटन पुलिस सेवा के जासूस ने ‘इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी बोर्ड’ के सामने अहम गवाही दी। जांचकर्ता ने अदालत को बताया कि ब्रिटिश कोलंबिया के एबॉट्सफोर्ड पुलिस स्टेशन को पिछले साल 13 अगस्त 2025 को यह धमकी भरा पत्र प्राप्त हुआ था। यह पत्र किसी निजी व्यक्ति या व्यापारी को भेजने के बजाय सीधे पुलिस स्टेशन के पते पर भेजा गया था, जिसे जांच अधिकारी कनाडाई पुलिस को डराने और सरकारी तंत्र को खुली चुनौती देने का प्रयास मान रहे हैं।
लॉरेंस गैंग के पत्र में किए गए 5 बड़े और खौफनाक खुलासे
1,000 शूटरों की फौज तैनात होने का दावा: पत्र में सबसे डराने वाला दावा यह है कि बिश्नोई गैंग ने कनाडा के विभिन्न प्रांतों और शहरों में अपने पैर पूरी तरह पसार लिए हैं। संगठन के पास कनाडा के भीतर ही 1,000 से अधिक ऐसे निशानेबाज मौजूद हैं, जो गैंग के सिर्फ एक इशारे पर किसी भी समय और किसी भी स्थान पर गोलीबारी या बड़ी हिंसक वारदातों को अंजाम देने के लिए तैयार खड़े हैं।
अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का खाका: इस चिट्ठी के जरिए गैंग ने अपने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क और सांगठनिक ढांचे की बकायदा रूपरेखा पेश की है। इसमें विस्तार से बताया गया है कि भारत की जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ यह सिंडिकेट किस तरह आपस में तालमेल करता है और कनाडाई धरती पर अब उनकी ताकत कितनी ज्यादा बढ़ चुकी है।
हर एक बिजनेस को देना पड़ेगा ‘टैक्स’
पत्र में कनाडा के स्थानीय व्यापारियों और अमीर परिवारों को सीधे तौर पर धमकाया गया है। इसमें साफ शब्दों में चेतावनी दी गई है कि कनाडा में चल रहे हर एक छोटे-बड़े बिजनेस को गैंग को ‘टैक्स’ (प्रोटेक्शन मनी या फिरौती की रकम) हर हाल में चुकाना ही पड़ेगा। आर्थिक मुनाफा कमाना ही मुख्य मकसद: चिट्ठी की भाषा और की गई मांगों से यह पूरी तरह स्पष्ट है कि इस गैंग का मुख्य और एकमात्र उद्देश्य कनाडाई कारोबारियों को डरा-धमकाकर मोटी रकम वसूलना और वित्तीय लाभ कमाना है। ‘टैक्स’ न देने की सूरत में भयानक अंजाम भुगतने की खुली धमकी दी गई है।
- ‘आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें…’, मायावती ने जेवर छात्र हत्या मामले में उच्च-स्तरीय जांच की मांग, हमीरपुर पुल हादसे पर जताई चिंता
- एक्शन में फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट: फल दुकानों पर की ताबड़तोड़ छापेमारी, भारी मात्रा में सड़े-गले फल जब्त कर किया गया नष्ट
- स्वास्थ्य सेवाओं में बिहार में अव्वल, डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने दिए विकास को लेकर बड़े निर्देश
- सड़क पर भिड़े दो सांड, बाल-बाल बचे लोग; बराड़ा में आवारा पशुओं का बढ़ा आतंक
- विधायक सतपाल जाम्बा ने किया महिला क्लीनिक का उद्घाटन, बोले- ‘मील का पत्थर होगा साबित’

