० सुंदर टकला ने सोशल मीडिया पर पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, पुलिस पहले ही बता चुकी है आत्मरक्षा में हुई जवाबी कार्रवाई
हांसी। हरियाणा के हांसी में जिम संचालक कपिल रेढू हत्याकांड के दो मुख्य आरोपियों के पुलिस एनकाउंटर को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े सुंदर टकला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर पुलिस मुठभेड़ को फर्जी करार दिया है। हालांकि, पुलिस पहले ही इस कार्रवाई को आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग बता चुकी है।
सुंदर टकला ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि जिन दो युवकों का एनकाउंटर किया गया, उन्हें पुलिस ने पहले ही केरल से हिरासत में ले लिया था। उसने आरोप लगाया कि दोनों को वहां से लाकर फर्जी मुठभेड़ में मार दिया गया। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि इस संबंध में उनके पास सीसीटीवी फुटेज मौजूद हैं।
‘एनकाउंटर के समय हथियार नहीं थे’
सोशल मीडिया पोस्ट में यह भी कहा गया कि एनकाउंटर के दौरान दोनों आरोपियों के पास कोई हथियार नहीं था। साथ ही दावा किया गया कि जिम संचालक की हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार पहले से ही हांसी सीआईए-2 के कब्जे में थे।
पोस्ट में कपिल रेढू को अपराधी बताते हुए उसकी हत्या को इसी वजह से अंजाम देने का दावा भी किया गया है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
23 दिन पहले हुई थी जिम संचालक की हत्या
गौरतलब है कि करीब 23 दिन पहले हांसी में 25 वर्षीय जिम संचालक कपिल रेढू की अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। इस हमले में एक युवती भी घायल हुई थी।
हत्याकांड के लगभग पांच घंटे बाद लॉरेंस गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हत्या की जिम्मेदारी ली थी। इसके बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी और हाल ही में दोनों संदिग्ध शूटरों के एनकाउंटर की जानकारी दी थी।
फिलहाल पुलिस ने सोशल मीडिया पर किए गए दावों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। मामले को लेकर जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।

