शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी में हुड़दंगियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी पेश करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां दाता कॉलोनी के पास रैश ड्राइविंग को लेकर उपजे विवाद के बाद थार सवार कुछ युवकों ने सरेराह एक वकील की कार रोककर जमकर अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी।

गाड़ी अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया

घटना रात करीब 11:45 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित एडवोकेट शादाब खान अपनी कार से गुजर रहे थे, तभी रास्ते में रैश ड्राइविंग को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया। आरोप है कि दाता कॉलोनी के पास थार गाड़ी में सवार युवकों ने एडवोकेट शादाब खान की कार के आगे अपनी गाड़ी अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया।

बेसबॉल बैट और पिस्टल से धमकाने का आरोप

एडवोकेट शादाब खान ने आरोप लगाया है कि थार से उतरे कुछ युवक हाथ में बेसबॉल बैट लेकर उनकी गाड़ी के पास पहुंचे और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान वहां किसी दूसरे वाहन से पहुंचे एक अन्य व्यक्ति पर वकील को डराने के लिए पिस्टल दिखाने का भी गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद दहशत में आए पीड़ित वकील ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। वहीं, दूसरी ओर से भी आरोपियों द्वारा थाने में शिकायत दर्ज करवाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और मौके के हालातों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

स्कूली छात्र का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शवः गले में था फंदा, पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ, फिर छोड़े

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m