संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर जमकर निशाना साधा हैं। उन्होंने तबादला नीति 2026 को लेकर कहा कि पॉलिसी आए ना आए ट्रांसफर तो लगातार मध्य प्रदेश में चल ही रहे थे। वहीं सिंघार ने लगातार बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों और ट्विशा शर्मा सुसाइड केस समेत कई मुद्दों पर भी हमला किया हैं। आइए जानते है उमंग सिंघार ने क्या कुछ कहा है…

तबादला नीति को लेकर किया हमला

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बुधवार को मीडिया से चर्चा करते हुए सरकार पर जमकर निशाना साधा हैं। तबादला नीति 2026 को लेकर उन्होंने कहा कि पॉलिसी आए ना आए ट्रांसफर तो लगातार मध्य प्रदेश में चल ही रहे थे। क्या मध्यप्रदेश में बगैर पैसे के ट्रांसफर होंगे, इस बात को सरकार सुनिश्चित करेगी।

पेट्रोल डीजल के दामों पर भी घेरा

पेट्रोल डीजल के दामों पर कहा कि दूसरे राज्यों से कई गुना ज्यादा मध्यप्रदेश में पेट्रोल-डीजल के दाम मिल रहे हैं। दिल्ली में 99. 98 है तो यहां पर 110 से ज्यादा का है। एमपी के अंदर आप जानते हैं कि सबसे ज्यादा वैट (VAT) है। जिस प्रकार से रेट बढ़ा दिए हैं, वैट के साथ आपकी जानकारी के लिए ढाई रुपये प्रति लीटर भी लेते हैं। 1% सेस (Cess), ये अलग है, 29% आपका टैक्स वैट का तो है ही। जिस प्रकार से आप देख रहे हो कि मध्यप्रदेश की बॉर्डर पर ललितपुर से पेट्रोल-डीजल लेने आते हैं।

देश के हालात छोड़ मेलोनी को मेलोडी खिला रहे पीएम मोदी- सिंघार

उन्होंने आगे कहा कि दोनों राज्यों के अंदर पेट्रोल और डीजल के भाव में 12 रुपये का फर्क है। क्या आज दाल के भाव, आटे के भाव, तेल के भाव, आपके सिलेंडर, तो दिख ही नहीं रहा है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी हमला बोला हैं। सिंघार ने कहा कि पीएम मोदी तो देश के हालत छोड़के इटली घूम रहे हैं और मेलोनी को मेलोडी खिला रहे हैं।

ट्विशा शर्मा सुसाइड केस पर कही ये बात

नेता प्रतिपक्ष ने पूर्व रिटायर्ड जज की बहू ट्विशा शर्मा सुसाइड केस पर भी प्रतिक्रिया दी हैं। उन्होंने कहा कि अगर परिवार के लोग दोबारा पीएम की मांग कर रहे हैं तो सरकार और उनकी एजेंसी को इस मामले में गंभीरता दिखानी चाहिए और दोबारा पीएम होना चाहिए, ताकि परिवार को न्याय मिल सके।

नेता प्रतिपक्ष बोले- बीजेपी, महाकाल की जमीन भी अपने नाम कर लेगी

वहीं मंत्रिमंडल की समीक्षा को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री, मंत्रियों की समीक्षा कर रहे हैं, लेकिन क्या उसका रिजल्ट प्रदेश की जनता को बताएंगे? कौन मंत्री पहले नंबर पर रहा और कौन फेल हुआ? जो फेल हुआ, क्या मुख्यमंत्री उसे मंत्रिमंडल से हटाएंगे ? उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अशुभ घड़ी में बनी है। प्रदेश में कफ सिरप कांड, भागीरथपुर समेत कई बड़े कांड हुए हैं। मुख्यमंत्री को अपने गृह विभाग की भी समीक्षा करनी चाहिए, क्योंकि उनसे गृह विभाग संभल नहीं रहा है। चिंतामणि मामले पर कहा कि जिस प्रकार से भाजपा महाकाल को लेकर काम कर रही है, ऐसा लगता है कि भारतीय जनता पार्टी महाकाल की जमीन भी अपने नाम कर लेगी, उनके लिए यह कोई बड़ी बात नहीं है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m