स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेटर तिलक वर्मा, मोहम्मद सिराज और पूर्व क्रिकेटर अंबाती रायडू को तेलंगाना क्रिकेट एसोसिएशन (TCA) की ओर से कानूनी नोटिस भेजा गया है। यह नोटिस हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (HCA) की प्रस्तावित टीजी20 लीग के प्रचार में उनकी कथित भागीदारी को लेकर जारी किया गया है। मामले में दक्षिण भारतीय फिल्म अभिनेता विजय देवरकोंडा और वेंकटेश का नाम भी शामिल है।

तेलंगाना क्रिकेट एसोसिएशन का आरोप है कि हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन बीसीसीआई की मंजूरी के बिना कॉर्पोरेट कंपनियों के साथ मिलकर टीजी20 लीग का संचालन और प्रचार कर रहा है। टीसीए का दावा है कि इस लीग को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से आधिकारिक स्वीकृति नहीं मिली है, ऐसे में इसका प्रचार-प्रसार नियमों के खिलाफ माना जा सकता है।
लीग के प्रचार पर उठाए सवाल

कानूनी नोटिस में कहा गया है कि जिन खिलाड़ियों और फिल्मी हस्तियों ने टीजी20 लीग के प्रचार में हिस्सा लिया है, वे ऐसी प्रतियोगिता को बढ़ावा दे रहे हैं, जिसे देश की सर्वोच्च क्रिकेट संस्था बीसीसीआई की मान्यता प्राप्त नहीं है। एसोसिएशन ने संबंधित हस्तियों से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है।
टीसीए ने यह भी संकेत दिया है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो आगे कानूनी कार्रवाई पर विचार किया जा सकता है।
अब तक किसी की प्रतिक्रिया नहीं
हालांकि इस पूरे विवाद पर अब तक तिलक वर्मा, मोहम्मद सिराज, अंबाती रायडू, विजय देवरकोंडा या वेंकटेश की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से भी इस मामले पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

क्रिकेट प्रशासन के विवाद से जुड़ा मामला
बताया जा रहा है कि यह विवाद तेलंगाना में क्रिकेट प्रशासन को लेकर विभिन्न संस्थाओं के बीच लंबे समय से चल रहे मतभेदों के बीच सामने आया है। इसी पृष्ठभूमि में टीजी20 लीग और उसके प्रचार को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
सिराज आराम पर, तिलक कर रहे हैं टीम इंडिया ए की कप्तानी
इस बीच भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज फिलहाल वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत क्रिकेट से ब्रेक पर हैं। वहीं युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा इस समय इंडिया ए टीम की कप्तानी कर रहे हैं। उनकी अगुवाई में भारतीय टीम श्रीलंका में खेली जा रही त्रिकोणीय वनडे सीरीज के फाइनल में पहुंच चुकी है।
अब देखना होगा कि नोटिस मिलने के बाद संबंधित खिलाड़ी और अन्य हस्तियां क्या जवाब देती हैं और यह मामला आगे किस दिशा में बढ़ता है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

