LifeStyle Desk – भारतीय रसोई में दाल-चावल का स्वाद और महत्व किसी से छिपा नहीं है. चाहे गर्मी हो या सर्दी, दाल हर घर की रोज़मर्रा की थाली का अहम हिस्सा होती है. जल्दी पकाने के लिए लोग अक्सर दाल को पानी में भिगोते हैं या धोकर सीधे कुकर में चढ़ा देते हैं. लेकिन दाल धोने के बाद जो पानी बच जाता है, उसे ज्यादातर लोग बेकार समझकर फेंक देते हैं. अगर आप भी ऐसा करती हैं, तो अब अपनी इस आदत को बदल लीजिए. दरअसल, दाल का पानी पोषक तत्वों से भरपूर होता है और इसका इस्तेमाल कई घरेलू कामों में किया जा सकता है.

दाल में मौजूद प्रोटीन, आयरन, विटामिन और मिनरल्स का कुछ हिस्सा धोने वाले पानी में भी आ जाता है. यही वजह है कि यह पानी पूरी तरह बेकार नहीं होता. इसे सही तरीके से इस्तेमाल करके आप न केवल भोजन को अधिक पौष्टिक बना सकती हैं, बल्कि रसोई के कई काम भी आसान कर सकती हैं. आइए जानते हैं कैसे इसका इस्तेमाल करें.

आटा गूंथने में करें इस्तेमाल

दाल के पानी का सबसे आसान और फायदेमंद उपयोग आटा गूंथने में किया जा सकता है. इससे रोटियां ज्यादा नरम बनती हैं और उनमें पोषण भी बढ़ जाता है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह तरीका काफी लाभकारी माना जाता है.

सब्जियों की ग्रेवी बनेगी स्वादिष्ट

अगर आप सूखी सब्जी या करी बना रही हैं, तो उसमें साधारण पानी की जगह दाल का पानी इस्तेमाल कर सकती हैं. इससे ग्रेवी का स्वाद बढ़ता है और खाने में हल्का गाढ़ापन भी आता है. यह तरीका खाने को ज्यादा पौष्टिक भी बनाता है.

सूप और खिचड़ी में बढ़ाएं न्यूट्रिशन

दाल का पानी सूप, दलिया या खिचड़ी बनाने में भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे स्वाद के साथ-साथ प्रोटीन की मात्रा भी बढ़ जाती है. कई लोग इसे हल्का नमक और काली मिर्च डालकर सूप की तरह भी पीते हैं.

पौधों के लिए भी फायदेमंद

अगर दाल का पानी बिना नमक वाला है, तो इसे ठंडा करके पौधों में डाला जा सकता है. इसमें मौजूद पोषक तत्व पौधों की ग्रोथ में मदद करते हैं. यह एक प्राकृतिक खाद की तरह काम करता है और मिट्टी की गुणवत्ता भी बेहतर बनाता है.

बर्तन साफ करने में मददगार

कम लोग जानते हैं कि दाल का पानी चिकनाई हटाने में भी सहायक हो सकता है. इसमें मौजूद स्टार्च और प्राकृतिक तत्व बर्तनों की गंदगी को नरम करने में मदद करते हैं, जिससे सफाई आसान हो जाती है.

ध्यान रखने वाली बातें

हालांकि दाल के पानी का इस्तेमाल फायदेमंद है, लेकिन इसे लंबे समय तक स्टोर करके नहीं रखना चाहिए. ताजा पानी ही उपयोग करें. अगर पानी में झाग, बदबू या खट्टापन महसूस हो, तो उसका इस्तेमाल न करें.

आजकल लोग हेल्दी और जीरो-वेस्ट किचन की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं. ऐसे में दाल का पानी दोबारा इस्तेमाल करना न केवल समझदारी है, बल्कि सेहत और पर्यावरण दोनों के लिए फायदेमंद कदम भी है. छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके आप अपने घर की रसोई को और ज्यादा स्मार्ट बना सकती हैं.