आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। बस्तर जिले के बास्तानार क्षेत्र में उस वक्त दहशत फैल गई, जब एक जंगली जानवर के हमले में तीन ग्रामीण घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तेंदुए ने अलग-अलग स्थानों पर तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिसमें तीनों के हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
एक घायल को किलेपाल अस्पताल ले जाया गया, जबकि दूसरे को गीदम अस्पताल भेजा गया। गीदम से एक घायल की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हमले की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और पीड़ित ग्रामीणों को तत्काल राहत राशि प्रदान की।


ग्रामीणों का कहना है कि हमला उनके घरों के पास हुआ, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि वन विभाग के एसडीओ योगेश कुमार रात्रे का कहना है कि अभी यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि हमला तेंदुए ने ही किया है या किसी अन्य जंगली जानवर ने। प्रारंभिक अनुमान है कि घबराया हुआ तेंदुआ हमला कर जंगल की ओर भाग गया होगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच के लिए वन विभाग की टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि हमला कैसे और कहां हुआ और इसके पीछे कौन सा जंगली जानवर जिम्मेदार है।

