तनवीर खान, मैहर। त्रिकूट पर्वत पर स्थित प्रसिद्ध मां शारदा धाम में एक बार फिर तेंदुए की मौजूदगी से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे मंदिर जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे और रोपवे के टावर नंबर-3 के पास एक तेंदुआ बैठा हुआ दिखाई दिया। वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
टावर नंबर-3 के फाउंडेशन बेस के पास दिखा तेंदुआ
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात लगभग 8:30 बजे तेंदुआ रोपवे के टावर नंबर-3 के फाउंडेशन बेस के पास आराम करता हुआ नजर आया। यह स्थान मां शारदा मंदिर की ओर जाने वाली सड़क के बेहद नजदीक है। रात के समय खुले में तेंदुए की मौजूदगी देख वहां हड़कंप मच गया, हालांकि गनीमत यह रही कि इस दौरान तेंदुए द्वारा किसी पर हमले या किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना सामने नहीं आई है।
लगातार बनी हुई है वन्यजीवों की आवाजाही
मां शारदा मंदिर त्रिकूट पहाड़ी पर स्थित है और इसके चारों ओर घना जंगली व पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यहां तेंदुओं की आवाजाही आम बात बन गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले दो-तीन महीनों से इस क्षेत्र में लगातार तेंदुए का मूवमेंट देखा जा रहा है, जिससे मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंताएं गहरी हो गई हैं।
वन विभाग की निगरानी और अपील
क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों और उसकी सही लोकेशन पर नजर रखने के लिए वन विभाग पहले से ही सतर्क है। विभाग द्वारा तेंदुए की मूवमेंट ट्रैक करने के लिए इलाके में 20 ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं, जिनके जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन और वन विभाग ने श्रद्धालुओं तथा स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष सावधानी बरतें। वन्यजीव दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने या वीडियो बनाने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं। तेंदुए को छेड़ने या घेरने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति नजर आने पर तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

