Business Desk : देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 20.12% बढ़कर 12,076 करोड़ रुपए हो गया है।
पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने 10,053 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया था। कंपनी के मुनाफे में बढ़ोतरी के साथ प्रीमियम से होने वाली कमाई में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई है।
LIC की प्रीमियम इनकम 16% बढ़ी
सितंबर तिमाही में LIC की नेट प्रीमियम इनकम 16.2% बढ़कर 1.47 लाख करोड़ रुपए हो गई। पिछले साल इसी अवधि में यह 1.26 लाख करोड़ रुपए थी। वहीं कंपनी की नेट इन्वेस्टमेंट इनकम करीब 2.5% बढ़कर 1.15 लाख करोड़ रुपए रही।
कंपनी की कुल आय भी सितंबर तिमाही में बढ़कर 2.62 लाख करोड़ रुपए पहुंच गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 2.39 लाख करोड़ रुपए थी।
नई पॉलिसी से होने वाले कारोबार में भी बढ़त
LIC के नए कारोबार की वैल्यू यानी वैल्यू ऑफ न्यू बिजनेस (VNB) में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई। सितंबर तिमाही में यह सालाना आधार पर 17.14% बढ़कर 3,710 करोड़ रुपए हो गई। पिछले साल इसी तिमाही में यह 3,168 करोड़ रुपए थी।
वहीं कंपनी का VNB मार्जिन बढ़कर 21.82% हो गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 19.33% था। VNB मार्जिन से पता चलता है कि नई पॉलिसी बेचने से बीमा कंपनी को कितना मुनाफा हो रहा है।
पहली छमाही में 21.5% बढ़ा LIC का मुनाफा
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी अप्रैल-सितंबर के दौरान LIC का नेट प्रॉफिट 21.52% बढ़कर 25,568 करोड़ रुपए हो गया। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी ने 21,040 करोड़ रुपए का मुनाफा दर्ज किया था। इस दौरान कुल प्रीमियम इनकम भी 11.64% बढ़कर 2.74 लाख करोड़ रुपए रही।
LIC का AUM बढ़कर 59.60 लाख करोड़ रुपए हुआ
सितंबर 2026 के अंत तक LIC का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) बढ़कर 59.60 लाख करोड़ रुपए हो गया। एक साल पहले यह 57.23 लाख करोड़ रुपए था। यानी कंपनी के AUM में सालाना आधार पर 4.16% की बढ़ोतरी हुई है। AUM का मतलब कंपनी की ओर से निवेश और प्रबंधन किए जा रहे कुल फंड से है।

प्रोटेक्शन और सेविंग प्रोडक्ट पर फोकस बढ़ाएगी कंपनी
LIC के MD और CEO आर. दोराईस्वामी के मुताबिक, कंपनी का फोकस प्योर टर्म इंश्योरेंस, नॉन-पार सेविंग प्रोडक्ट और एन्युटी बिजनेस पर रहेगा। सितंबर में लॉन्च किए गए नए प्योर टर्म इंश्योरेंस प्लान को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।
लॉन्च के आखिरी कुछ दिनों में ही इस प्लान के तहत 58,000 से ज्यादा पॉलिसी बेची गईं। कंपनी का मानना है कि बाजार की स्थिति बेहतर होने पर यूनिट लिंक्ड इंश्योरेंस प्लान (ULIP) की मांग में भी सुधार आ सकता है।
LIC के शेयर पर रहेगी निवेशकों की नजर
LIC के दूसरी तिमाही के नतीजे बेहतर प्रीमियम इनकम और नए कारोबार के मार्जिन में सुधार दिखाते हैं। हालांकि, पहली छमाही में व्यक्तिगत पॉलिसी की बिक्री में 2.25% की गिरावट भी दर्ज की गई है। ऐसे में आने वाले समय में कंपनी की नई पॉलिसी की बिक्री, प्रीमियम ग्रोथ और मुनाफे पर निवेशकों की नजर रहेगी।

