मुकेश सेन, टीकमगढ़। टीकमगढ़-झांसी नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां चलती बस की खिड़की से सिर बाहर निकालना एक यात्री के लिए जानलेवा साबित हुआ। सामने से आ रहे ट्रक से क्रॉसिंग के दौरान सिर टकरा जाने से यात्री का सिर फट गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

दिगौड़ा थाना क्षेत्र के पूनौल गांव के पास हादसा

यह दिल दहला देने वाली घटना दिगौड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पूनौल गांव के पास घटित हुई। बताया जा रहा है कि एक यात्री बस टीकमगढ़-झांसी हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान बस में सवार यात्री प्रमोद सेन ने खिड़की से अपना सिर बाहर निकाला हुआ था। तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से क्रॉसिंग के दौरान उनका सिर सीधे ट्रक से टकरा गया।

यूपी निवासी था मृतक

हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान प्रमोद सेन के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के महरौनी के निवासी थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रमोद सेन का सिर बुरी तरह फट गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में हड़कंप फैल गया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही दिगौड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम (PM) के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m