शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के गांधी नगर इलाके में देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां कुछ बदमाशों ने एक कैब ड्राइवर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने न केवल कैब ड्राइवर के साथ मारपीट की और चाकू मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, बल्कि उसकी गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की।
ड्राइवर को लहूलुहान कर दिया
मिली जानकारी के अनुसार, गांधी नगर इलाके में किसी बात को लेकर कैब ड्राइवर का कुछ युवकों के साथ विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने आपा खो दिया और ड्राइवर पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने पैने चाकू से वार कर ड्राइवर को लहूलुहान कर दिया।
कार के शीशे फोड़े, अंदर भी की तोड़फोड़
घटना से जुड़ी तस्वीरों में हमले की खौफनाक दास्तान साफ नजर आ रही है। सफेद रंग की कैब के आगे और पीछे के शीशे पूरी तरह से टूटे हुए पाए गए हैं। इतना ही नहीं, उपद्रवियों ने कार के अंदरूनी हिस्से में भी भारी तोड़फोड़ की है।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
वारदात के तुरंत बाद घायल ड्राइवर को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज जारी है। देर रात हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और हमलावर युवकों की पहचान व तलाश की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


