बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित विकास नगर में शनिवार देर रात बदमाशों ने एक मेडिकल स्टोर संचालक पर हमला कर दिया। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि, दो गाड़ियों में सवार होकर आए करीब सात हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। फिर मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

जानें क्या है पूरा मामला

शनिवार रात लगभग 9 बजकर 15 मिनट पर लाइनपार इलाके में विकास नगर स्थित एक मेडिकल स्टोर के बाहर काले रंग की स्कॉर्पियो और सफेद नेक्सन कार आकर रुकी। कार से आधा दर्जन से ज्यादा युवक उतरे। जिसके बाद 25 वर्षीय दीपक को देखते ही उसे घेर लिया। हमलावरों के पास लोहे की रॉड, डंडे और पिस्टल जैसे हथियार थे।

गंभीर रूप से घायल

हमलावरों ने दीपक पर लोहे की रॉड और डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया। इस हमले में दीपक के सिर, हाथ और कमर पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत स्थानीय नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वारदात के बाद हमलावर अपनी गाड़ियों में बैठकर भाग निकले।

पुलिस कार्रवाई और जांच

पीड़ित दीपक ने एक गाड़ी का नंबर नोट कर पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों की गतिविधियां कैद हो गई है। बहादुरगढ़ डीएसपी मयंक मिश्रा के अनुसार, पुलिस ने फुटेज और गाड़ी नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। बदमाशों की पहचान के लिए आस पास के इलाके में छापेमारी की जा रही है और पुलिस की ओर से जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

स्थानीय लोगों में गुस्सा

इस घटना के बाद शहर के व्यापारियों और आम नागरिकों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरेआम हुई इस गुंडागर्दी से इलाके में असुरक्षा का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।