गढ़वा। झारखंड के गढ़वा में मंगलवार शाम हल्की बारिश के दौरान वज्रपात की दर्दनाक घटना हुई। सदर थाना क्षेत्र के बलीगढ़ गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों बकरी चराने के लिए चेरी पोखर गए थे, तभी अचानक वज्रपात हो गया।
बारिश के बीच अचानक गिरी बिजली
जानकारी के अनुसार, बलीगढ़ गांव निवासी आशिक खान (50), राजू भुइयां (38) और वशी खान (55) घर से दूर चेरी पोखर के पास बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान शाम को हल्की बारिश शुरू हुई। बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरी और तीनों इसकी चपेट में आ गए।
वज्रपात से तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों और परिजनों ने तीनों को आनन-फानन में गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में दो को मृत घोषित किया गया
अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने आशिक खान और राजू भुइयां को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल वशी खान का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि आशिक खान के शव को परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए अस्पताल से अपने घर ले गए।
पुलिस ने की घटना की पुष्टि
गढ़वा थाना प्रभारी सुनील तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीन लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आए थे। इनमें दो की मौत हुई है, जबकि एक का इलाज चल रहा है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


